सोना-चांदी में बड़ी गिरावट, एक दिन में ₹1,442 टूटा सोना, चांदी ₹4,408 हुई सस्ती
IBJA के अनुसार 7 जुलाई को सोना 1,442 रुपये और चांदी 4,408 रुपये सस्ती हुई। जून महीने में भी दोनों कीमती धातुओं में बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी।
➤ सोना ₹1,442 गिरकर 10 ग्राम का भाव ₹1.44 लाख पर पहुंचा
➤ चांदी ₹4,408 सस्ती होकर ₹2.29 लाख प्रति किलो पर आई
➤ जून महीने में सोना ₹15 हजार और चांदी ₹38 हजार तक टूट चुकी है
नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमतों में सोमवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट सोने का भाव 10 ग्राम पर 1,442 रुपये घटकर 1.44 लाख रुपये रह गया। वहीं चांदी की कीमत 4,408 रुपये गिरकर 2.29 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। लगातार गिरते दामों से सर्राफा बाजार में खरीदारों और निवेशकों की नजरें अब आगे की चाल पर टिकी हैं।
जून में भी सोना-चांदी में आई थी बड़ी गिरावट
बीते जून महीने में भी दोनों कीमती धातुओं में तेज गिरावट देखने को मिली थी। इस दौरान सोना करीब 15 हजार रुपये और चांदी लगभग 38 हजार रुपये तक सस्ती हुई। लगातार दूसरे महीने आई गिरावट ने बाजार में निवेशकों की रणनीति बदल दी है।
रिकॉर्ड स्तर से काफी नीचे पहुंचे भाव
इस वर्ष सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला। 31 दिसंबर 2025 को सोने का भाव 1.33 लाख रुपये था, जो 29 जनवरी को बढ़कर 1.76 लाख रुपये के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया था। इसके बाद से अब तक सोना करीब 32 हजार रुपये सस्ता हो चुका है।
वहीं चांदी की कीमत 2.30 लाख रुपये प्रति किलो से बढ़कर 3.86 लाख रुपये के उच्चतम स्तर तक पहुंची थी। अब रिकॉर्ड स्तर से चांदी करीब 1.57 लाख रुपये टूट चुकी है।
क्यों गिर रहे हैं सोने-चांदी के दाम?
विशेषज्ञों के अनुसार अमेरिका-ईरान युद्धविराम समझौते के बाद वैश्विक तनाव कम हुआ है। इससे निवेशकों ने सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोने और चांदी से पैसा निकालना शुरू किया है।
इसके अलावा अमेरिकी डॉलर की मजबूती, रिकॉर्ड तेजी के बाद मुनाफावसूली और गोल्ड-सिल्वर ETF में बढ़ी बिकवाली भी कीमतों में गिरावट की प्रमुख वजह मानी जा रही है।
खरीदारी से पहले इन बातों का रखें ध्यान
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि सोना खरीदते समय BIS हॉलमार्क जरूर जांचें और खरीदारी से पहले IBJA या अन्य विश्वसनीय स्रोतों से उस दिन का ताजा भाव अवश्य मिलान करें। वहीं चांदी खरीदते समय मैग्नेट टेस्ट, आइस टेस्ट, स्मेल टेस्ट और क्लॉथ टेस्ट जैसे सामान्य तरीकों से उसकी शुद्धता की प्रारंभिक जांच की जा सकती है।
Akhil Mahajan