मर्डर-दुष्कर्म में वांटेड बदमाश मुठभेड़ के बाद काबू, एएसआई की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी दो गोलियां

फतेहाबाद में महिला मर्डर और दुष्कर्म मामले में वांछित आरोपी महेन्द्र सिंह उर्फ निक्का को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर चार राउंड फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे काबू कर लिया गया।

मर्डर-दुष्कर्म में वांटेड बदमाश मुठभेड़ के बाद काबू, एएसआई की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी दो गोलियां

महिला मर्डर और दुष्कर्म मामले में वांछित आरोपी महेन्द्र उर्फ निक्का पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर किए चार राउंड फायर
जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, अवैध पिस्तौल और कारतूस बरामद



फतेहाबाद पुलिस ने जनवरी में सड़क पर मिली एक महिला के मर्डर और दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान महेन्द्र सिंह उर्फ निक्का पुत्र जीत सिंह निवासी आजाद नगर फतेहाबाद के रूप में हुई है, जो फिलहाल गली नंबर 8, वाल्मीकि चौक के पास किराए पर रह रहा था। आरोपी पहले भी पुलिस की कस्टडी से फरार हो चुका था और लंबे समय से पंजाब में छिपकर रह रहा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह अपनी पत्नी को साथ लेकर दोबारा पंजाब जाने की फिराक में है।

डीएसपी मुख्यालय एवं क्राइम कुलवंत सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद सीआईए रतिया टीम प्रभारी उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी। इसी दौरान नगल के पास भाखड़ा नहर रोड पर पुलिस टीम को एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी ने पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास किया। सड़क पर कंक्रीट होने के कारण उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई और वह नीचे गिर गया।

पुलिस के अनुसार गिरते ही आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर लगातार चार राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान टीम में शामिल एएसआई रघुबीर सिंह को निशाना बनाकर चलाई गई दो गोलियां उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर सीधे आकर लगीं, जबकि दो गोलियां उनके पास से निकल गईं। बुलेटप्रूफ जैकेट होने के कारण एएसआई रघुबीर सिंह सुरक्षित बच गए और कोई बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में चली गोली आरोपी महेन्द्र सिंह उर्फ निक्का के पैर में लग गई, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .32 बोर की अवैध पिस्तौल, चार खाली खोल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से उसे आगे इलाज के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लंबे समय से पंजाब में छिपकर रह रहा था और अपनी पत्नी को साथ लेकर वहां जाने की योजना बना रहा था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि फतेहाबाद पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई कर रही है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में अपराध पर नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।