4 दिन से बिजली गुल थी, मौके पर JE पहुंचा तो गुस्साई महिलाओं ने कर दी धुनाई, VIDEO आया सामने
फरीदाबाद के इस्माइलपुर में चार दिन से बिजली आपूर्ति बाधित होने पर लोगों ने सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं और बिजली निगम के JE के बीच विवाद और धक्का-मुक्की हुई। महिलाओं ने अभद्रता का आरोप लगाया, जबकि JE ने आरोपों को नकार दिया।
➤ चार दिन से बिजली नहीं आने पर इस्माइलपुर-पल्ला रोड पर लोगों ने लगाया जाम
➤ महिलाओं ने JE पर अभद्रता और गलत तरीके से छूने का आरोप लगाकर किया हंगामा
➤ JE ने आरोपों को बताया गलत, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया रास्ता
हरियाणा के फरीदाबाद में चार दिन से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण लोगों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। इस्माइलपुर क्षेत्र में बिजली और पानी की समस्या से परेशान कॉलोनीवासियों ने गुरुवार शाम इस्माइलपुर-पल्ला रोड पर जाम लगा दिया। इसी दौरान मौके पर पहुंचे बिजली निगम के जूनियर इंजीनियर (JE) शिवकुमार और प्रदर्शन कर रही महिलाओं के बीच विवाद बढ़ गया। महिलाओं ने JE पर अभद्र व्यवहार और गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया, जिसके बाद कुछ महिलाओं ने उनका कॉलर पकड़ लिया और धक्का-मुक्की हुई। घटना का करीब 49 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है। दूसरी ओर, JE ने महिलाओं के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि वह बिजली की समस्या सुनने और स्थिति का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंचे थे।
चार दिन से बिजली बंद, पानी के लिए भी परेशान हुए लोग
इस्माइलपुर निवासी महरपाल के अनुसार, इलाके में लगातार बारिश के बाद से बिजली आपूर्ति बाधित है। आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। चार दिन से बिजली नहीं आने के कारण लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली आपूर्ति ठप होने से पानी की समस्या भी गंभीर हो गई। लोगों को पीने का पानी तक खरीदना पड़ा। बिजली और पानी की परेशानी का असर बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ा और कई बच्चे स्कूल नहीं जा सके।
समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सड़क पर उतरे कॉलोनीवासी
लगातार बनी समस्या के समाधान की मांग को लेकर गुरुवार शाम कॉलोनी के लोग इस्माइलपुर-पल्ला रोड पर एकत्रित हो गए। महिलाओं और अन्य स्थानीय लोगों ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और मार्ग को अवरुद्ध कर दिया।
सूचना मिलने पर बिजली निगम के पल्ला डिवीजन के JE शिवकुमार मौके पर पहुंचे। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों और JE के बीच कहासुनी हो गई। महिलाओं ने आरोप लगाया कि JE ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और एक महिला को गलत तरीके से छुआ।
वीडियो में JE को घेरती नजर आईं महिलाएं
घटना से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया। वीडियो में कुछ महिलाएं JE को घेरकर सवाल करती और धक्का-मुक्की करती दिखाई दे रही हैं। एक महिला को यह कहते सुना जा सकता है कि उन्होंने हाथ क्यों लगाया। इसी दौरान कुछ महिलाओं ने JE का कॉलर पकड़ लिया।
विवाद बढ़ता देख मौके पर मौजूद कॉलोनी के लोगों ने बीच-बचाव किया और JE को भीड़ से अलग किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच भी नोकझोंक हुई।
JE ने आरोपों को नकारा, कहा- समस्या सुनने गया था
JE शिवकुमार ने महिलाओं की ओर से लगाए गए आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि वह इस्माइलपुर क्षेत्र में बिजली की समस्या की जानकारी लेने और लोगों की शिकायत सुनने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने दावा किया कि बिजली कटौती से नाराज महिलाओं ने गुस्से में उन पर आरोप लगाए।
इस मामले में महिलाओं और JE की ओर से अलग-अलग दावे सामने आए हैं। घटना के वीडियो में विवाद और धक्का-मुक्की दिखाई देती है, लेकिन महिलाओं द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने लोगों को समझाकर खुलवाया जाम
पल्ला थाना प्रभारी सत्य प्रकाश के अनुसार, बिजली आपूर्ति बाधित होने से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर दी थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाकर जाम खुलवाया। पुलिस के मुताबिक, बिजली विभाग के अधिकारी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम कर रहे हैं। फिलहाल प्रशासन और बिजली निगम की ओर से स्थिति को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Akhil Mahajan