20 हजार की रिश्वत लेते सब-इंस्पेक्टर गिरफ्तार
फरीदाबाद में बीपीटीपी थाना के एक सब-इंस्पेक्टर को 20 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
• फरीदाबाद में 20 हजार रुपए रिश्वत लेते सब-इंस्पेक्टर रंगेहाथ गिरफ्तार
• साइबर शिकायत और जब्त बाइक छोड़ने के बदले मांगे थे 40 हजार रुपए
• एंटी करप्शन ब्यूरो ने जाल बिछाकर बीपीटीपी थाने में दबोचा
हरियाणा के फरीदाबाद में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सब-इंस्पेक्टर को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिसकर्मी बीपीटीपी थाना में तैनात था।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के संगम विहार निवासी एक युवक के खिलाफ बीपीटीपी थाना में साइबर अपराध से संबंधित शिकायत दर्ज हुई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि मामले को रफा-दफा करने और पुलिस द्वारा जब्त की गई उसकी बाइक को छोड़ने के बदले सब-इंस्पेक्टर ने उससे 40 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी।
पीड़ित युवक के मुताबिक वह दबाव में आकर पहले ही आरोपी पुलिसकर्मी को 20 हजार रुपए दे चुका था। इसके बावजूद सब-इंस्पेक्टर लगातार शेष 20 हजार रुपए की मांग कर रहा था। रिश्वत की मांग से परेशान होकर युवक ने मामले की शिकायत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से की।
शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले की जांच की और आरोपों को सही पाए जाने पर ट्रैप लगाने की योजना बनाई। इसके बाद शिकायतकर्ता को आरोपी के पास भेजा गया।
बुधवार को जैसे ही शिकायतकर्ता ने बीपीटीपी थाना में आरोपी सब-इंस्पेक्टर को 20 हजार रुपए दिए, पहले से तैनात एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने उसे मौके पर ही रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच एजेंसियां अब यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी किसी अन्य मामले में भी रिश्वतखोरी में शामिल रहा है या नहीं।
ब्यूरो अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और रिश्वतखोरी से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।
Akhil Mahajan