पिटबुल का 7वीं के छात्र पर हमला, शरीर पर 16 जगह काटने के निशान; पुलिस जांच शुरू
फरीदाबाद में पिटबुल ने 7वीं कक्षा के छात्र पर हमला कर दिया। बच्चे के शरीर पर 16 जगह काटने के निशान आए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की।
➤ गली में दोस्त के साथ खड़े 7वीं के छात्र पर पिटबुल ने किया हमला
➤ हाथ-पैर समेत शरीर पर 16 जगह काटने से बच्चा गंभीर रूप से घायल
➤ बीके अस्पताल से रेफर होने के बाद घर पर चल रहा इलाज, पुलिस ने शुरू की जांच
फरीदाबाद। फरीदाबाद के NIT-3 नंबर ब्लॉक-बी में शनिवार शाम एक पिटबुल कुत्ते ने 7वीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र ग्रन्थ पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे के हाथ-पैर समेत शरीर पर 16 जगह काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए बीके अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन बच्चे को निजी अस्पताल लेकर गए। फिलहाल उसका इलाज घर पर चल रहा है। घटना को लेकर पुलिस को शिकायत दी गई है और पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
NIT-3 नंबर के ब्लॉक-बी निवासी जितेंद्र ने बताया कि वह बीके चौक पर बिरयानी की रेहड़ी लगाते हैं। शनिवार शाम उनका 7वीं कक्षा में पढ़ने वाला बेटा ग्रन्थ साइकिल लेकर गली में गया था। घर से कुछ दूरी पर वह एक मकान के सामने अपने दोस्त के साथ खड़ा होकर बात कर रहा था। इसी दौरान मकान मालिक ओम का पिटबुल कुत्ता घर से बाहर निकला और उसने ग्रन्थ पर हमला कर दिया।
कुत्ते ने लगातार किया हमला, लोगों ने बच्चे को छुड़ाया
जितेंद्र का आरोप है कि पिटबुल ने उनके बेटे को लगातार काटा। उनका कहना है कि इस दौरान कुत्ते के मालिक ने बच्चे को बचाने का प्रयास नहीं किया। बच्चे के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों की भीड़ जुटने के बाद कुत्ते को बच्चे से अलग किया गया।
हमले में बच्चे के हाथ-पैर समेत शरीर पर 16 जगह काटने के निशान आए हैं। घटना के बाद परिजन बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।
बीके अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रेफर
जितेंद्र के अनुसार, हमले के बाद वह घायल बेटे को तुरंत बीके अस्पताल लेकर गए। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया और इसके बाद बच्चे को रेफर कर दिया। परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर गए। फिलहाल बच्चे का इलाज घर पर कराया जा रहा है।
पुलिस को दी शिकायत, जांच शुरू
जितेंद्र ने बताया कि उन्होंने घटना को लेकर NIT-3 नंबर चौकी में शिकायत दी है। चौकी इंचार्ज मनोज के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan