फरीदाबाद में मान्यवर शोरूम में भीषण आग, लाखों का सामान राख
फरीदाबाद के सेक्टर-11 स्थित मान्यवर कपड़ों के शोरूम में भीषण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट की आशंका के बीच लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया।
फरीदाबाद के सेक्टर-11 स्थित कपड़ों के शोरूम में भीषण आग लगी
शॉर्ट सर्किट से हादसे की आशंका, लाखों रुपए के कपड़े जलकर राख
फायर ब्रिगेड की 8 से 10 गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
फरीदाबाद के सेक्टर-11 स्थित YMCA चौक के पास शुक्रवार रात बड़ा अग्निकांड हो गया। यहां स्थित मान्यवर कपड़ों के शोरूम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपए के कपड़े जलकर राख हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें पहुंच गईं। आग इतनी भीषण थी कि उसे बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की 8 से 10 गाड़ियों को मौके पर बुलाना पड़ा। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
मौके पर मौजूद शोभित चावला ने बताया कि रात करीब साढ़े 9 बजे शोरूम में आग लगी। घटना के समय शोरूम के अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा शोरूम के बाहर दीवार बनाई गई थी, जिसके चलते पीछे की ओर से कपड़ों को बाहर निकाला जाना था। कपड़ों को शिफ्ट करने के लिए गाड़ी भी आने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही आग लग गई।
आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लगातार मौके पर पहुंचती रहीं और राहत कार्य शुरू किया गया।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। हालांकि शोरूम के अंदर रखा भारी मात्रा में सामान जल गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
pooja