होटल HR-07 में पुलिस की रेड: देह व्यापार के आरोप में 3 गिरफ्तार, 6 युवतियां और 2 युवक मिले

फरीदाबाद के एत्मादपुर स्थित होटल HR-07 में पुलिस ने छापेमारी कर कथित देह व्यापार के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया। होटल संचालक समेत अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है।

होटल HR-07 में पुलिस की रेड: देह व्यापार के आरोप में 3 गिरफ्तार, 6 युवतियां और 2 युवक मिले

सेक्टर-16 महिला थाना पुलिस ने होटल HR-07 में की छापेमारी

6 युवतियां और 2 युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मिले, 3 आरोपी गिरफ्तार

होटल संचालक समेत अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी


फरीदाबाद पुलिस ने देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एत्मादपुर स्थित होटल HR-07 में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान होटल के अलग-अलग कमरों से छह युवतियां और दो युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। पुलिस ने मामले में एक महिला और दो पुरुषों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि होटल संचालक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।

यह कार्रवाई सेक्टर-16 स्थित सेंट्रल महिला थाना की टीम ने अन्य थाना पुलिस के सहयोग से की। पुलिस को सूचना मिली थी कि एत्मादपुर क्षेत्र की गली नंबर-2 स्थित होटल HR-07 में कथित रूप से देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने संयुक्त टीम गठित कर होटल पर छापेमारी की।

महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर उषा रानी के नेतृत्व में गठित टीम में पीएसआई रितु, पीएसआई मोनिका, बीपीटीपी थाना, पल्ला थाना और खेड़ी थाना के पुलिस अधिकारी व कर्मचारी शामिल थे। बुधवार शाम पुलिस ने होटल के विभिन्न कमरों की तलाशी ली।

छापेमारी के दौरान पुलिस को छह युवतियां और दो युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली कि दिल्ली से महिलाओं और युवतियों को फरीदाबाद बुलाकर होटल में कथित रूप से देह व्यापार कराया जाता था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हिरासत में ली गई अधिकांश युवतियां दिल्ली की रहने वाली हैं। मामले में होटल संचालन से जुड़े एक महिला और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही होटल संचालक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। उनसे मिली जानकारी के आधार पर अन्य संदिग्ध लोगों की तलाश की जा रही है। यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।