एल्विश यादव ने बनाई 'खरगोश जनता पार्टी', जारी किया मजाकिया मेनिफेस्टो

यूट्यूबर एल्विश यादव ने सोशल मीडिया पर काल्पनिक 'खरगोश जनता पार्टी' का मेनिफेस्टो जारी किया। पोस्ट और वीडियो के बाद इंटरनेट पर बहस और चर्चा तेज हो गई है।

एल्विश यादव ने बनाई 'खरगोश जनता पार्टी', जारी किया मजाकिया मेनिफेस्टो

एल्विश यादव ने 'खरगोश जनता पार्टी' का काल्पनिक मेनिफेस्टो जारी किया

'कॉकरोच जनता पार्टी' पर तंज के बाद सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

वीडियो जारी कर बोले- मुझे बोलने की पूरी आजादी है

गुरुग्राम के रहने वाले मशहूर यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी सीजन-2 के विजेता एल्विश यादव एक बार फिर अपने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में आ गए हैं। एल्विश ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक काल्पनिक राजनीतिक दल 'खरगोश जनता पार्टी' का पोस्टर और मेनिफेस्टो जारी किया, जिसके बाद इंटरनेट पर नई बहस शुरू हो गई।

एल्विश यादव ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए 'खरगोश जनता पार्टी' का घोषणापत्र जारी किया। इस पोस्ट में उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कुछ चुनावी वादे और नारे लिखे। पोस्टर में लिखा गया कि "गाजर हमारा हक", "स्पीड हमारी पहचान", "खरगोश एकता जिंदाबाद" और "तेज दिमाग, लंबे काम, सबका विकास गाजर के साथ"

एल्विश की यह पोस्ट कुछ ही समय में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। पोस्ट के बाद उनके समर्थकों और आलोचकों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। कई यूजर्स इसे व्यंग्य और मनोरंजन के रूप में देख रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसके पीछे छिपे संदेशों को लेकर चर्चा कर रहे हैं।

इसके बाद एल्विश यादव ने एक और पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने लिखा कि "अब बहस नहीं, सीधा पेस्ट कंट्रोल होगा"। इस पोस्ट में उन्होंने कहा कि वह अब 'कॉकरोच जनता पार्टी' के सदस्यों से बहस नहीं करते और बहस करने से बेहतर पेस्ट कंट्रोल को मानते हैं। उनके इस बयान ने सोशल मीडिया पर नई चर्चा को जन्म दे दिया।

विवाद यहीं नहीं रुका। एल्विश ने इसके बाद एक और डिजिटल पोस्टर जारी किया, जिसमें लिखा था कि "सारे भाई जंतर-मंतर पहुंच जाओ, सभी को मुफ्त गाजर मिलेगी"। इस पोस्ट में दिल्ली के प्रसिद्ध प्रदर्शन स्थल जंतर-मंतर का जिक्र और मुफ्त गाजर का प्रतीकात्मक इस्तेमाल भी चर्चा का विषय बन गया।

सोशल मीडिया पर लगातार प्रतिक्रियाएं आने के बाद एल्विश यादव ने एक वीडियो संदेश भी जारी किया। वीडियो में उन्होंने साफ कहा कि देश में हर नागरिक को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्राप्त है और उन्हें अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है।

एल्विश ने वीडियो में कहा, "मुझे बोलने की पूरी आजादी है और मैं अपनी बात बोलूंगा।" उनके इस बयान के बाद समर्थक लगातार उनके पक्ष में कमेंट कर रहे हैं, जबकि विरोधी भी अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

फिलहाल एल्विश यादव की 'खरगोश जनता पार्टी' और उससे जुड़ी पोस्टों ने सोशल मीडिया पर चर्चा का माहौल बना दिया है। उनकी यह व्यंग्यात्मक पोस्ट सीरीज इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही है।