बम धमाकों में फंसे हरियाणा के युवक ने जारी किया वीडियो, कहा: रुक-रुककर धमाकों की आवाजें सुनाई दे रही हैं और मोबाइल फोन पर इमरजेंसी सायरन अलर्ट बज

कतर की राजधानी दोहा में मिसाइल हमलों के बीच रोहतक का एक युवक फंस गया है। उसने बताया कि अमेरिकी एयरबेस के पास धमाकों की आवाजें आ रही हैं। भारत सरकार ने क्षेत्रीय तनाव पर चिंता जताई है।

बम धमाकों में फंसे हरियाणा के युवक ने जारी किया वीडियो, कहा: रुक-रुककर धमाकों की आवाजें सुनाई दे रही हैं और मोबाइल फोन पर इमरजेंसी सायरन अलर्ट बज

■ कतर के अमेरिकी एयरबेस पर मिसाइल हमले की सूचना
■ रोहतक के मायना गांव का युवक बोला– सुरक्षित हूं, पर माहौल तनावपूर्ण
■ भारत ने जताई चिंता, सभी पक्षों से संयम की अपील

पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच दोहा से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। हरियाणा के रोहतक जिले के मायना गांव निवासी काला, जो कतर के ऑयल एंड गैस फील्ड में कार्यरत हैं, ने वीडियो जारी कर बताया कि कतर स्थित अमेरिकी एयरबेस पर मिसाइल से हमला हुआ है।

काला के अनुसार, रुक-रुककर धमाकों की आवाजें सुनाई दे रही हैं और मोबाइल फोन पर इमरजेंसी सायरन अलर्ट बज रहे हैं। हालांकि उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि वे पूरी तरह सुरक्षित हैं। कतर सरकार ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

ईरान के हमले का दावा

काला ने बताया कि ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात सहित आठ देशों में हमले किए हैं। उनका कहना है कि पिछले 15 वर्षों से उनका यूएई के विभिन्न देशों में आना-जाना रहा है और पिछले तीन वर्षों से वे दोहा में कार्य कर रहे हैं। फिलहाल वे कतर सरकार के ऑयल व गैस प्रोजेक्ट से जुड़े हैं।

इस घटनाक्रम का संबंध क्षेत्र में बढ़ते तनाव से जोड़ा जा रहा है, जहां ईरान, इस्राइल और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच हालात गंभीर बने हुए हैं।

भारत सरकार की प्रतिक्रिया

ताजा घटनाओं के बाद विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक बयान जारी कर गहरी चिंता जताई है। मंत्रालय ने सभी पक्षों से संयम बरतने, तनाव को और न बढ़ाने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि हालात और बिगड़ते हैं तो खाड़ी क्षेत्र में काम कर रहे लाखों प्रवासी भारतीयों पर भी इसका प्रभाव पड़ सकता है। फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है।