रोहतक में सियासी वार: अर्जुन चौटाला का कांग्रेस पर हमला, बोले- राज्यसभा में हुआ “खेल”
रोहतक में इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने कांग्रेस पर राज्यसभा चुनाव में “खेल” करने और नेताओं की बोली लगाने के आरोप लगाए। उन्होंने इसे कार्यकर्ताओं का सामूहिक फैसला बताया।
■ इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला का कांग्रेस पर तीखा हमला, राज्यसभा चुनाव पर लगाए गंभीर आरोप
■ “खुला बाजार” लगाकर नेताओं की बोली लगाने का आरोप, हुड्डा पर साधा निशाना
■ युवा सम्मेलन को सफल बनाने का आह्वान, 23 मार्च नरवाना कार्यक्रम पर जोर
हरियाणा की राजनीति में राज्यसभा चुनाव को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। रोहतक में इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस नेताओं ने “खेल” किया और भूपेंद्र सिंह हुड्डा अपने लोगों को बचाने में लगे रहे।अर्जुन चौटाला ने साफ कहा कि वोट न डालने का फैसला उनका व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं की सामूहिक राय पर आधारित था। उन्होंने इसे पार्टी की रणनीति और सिद्धांतों से जुड़ा कदम बताया।
इनेलो विधायक ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने राज्यसभा चुनाव में “खुला बाजार” लगा दिया, जहां अपने ही नेताओं की बोली लगाई गई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि, “जिस दुकान में सामान बिकाऊ हो, उसकी बोली लगती है।”उन्होंने कहा कि इस तरह की राजनीति लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है और इससे जनता का भरोसा कमजोर होता है।
अर्जुन चौटाला ने इस मुद्दे पर कर्मबीर बौद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें अभय चौटाला का धन्यवाद करना चाहिए, क्योंकि इनेलो द्वारा वोट न डालने से उन्हें चुनाव में फायदा मिला।चौटाला ने कहा कि वे चौधरी देवी लाल की विचारधारा से जुड़े परिवार से आते हैं और उसी रास्ते पर चल रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी पार्टी सिद्धांतों के साथ समझौता नहीं करती और कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करती है।इससे पहले अर्जुन चौटाला ने रोहतक स्थित जिला पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक भी ली। बैठक में 23 मार्च को नरवाना में आयोजित होने वाले शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में युवा कार्यकर्ता सम्मेलन को लेकर चर्चा की गई।उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक युवाओं को सम्मेलन से जोड़ें और कार्यक्रम को सफल बनाएं। साथ ही पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने पर जोर दिया।
shubham