तलाक की बात सुनते ही भड़क गया पति, रसोई से छुरी उठाई और पत्नी पर कर दिए कई वार, ह*त्‍या

अंबाला के गुरु नानक नगर में चरित्र पर शक के चलते पति बंटी ने पत्नी हिना की छुरी से गोदकर हत्या कर दी। आरोपी वारदात के बाद फरार है।

तलाक की बात सुनते ही भड़क गया पति, रसोई से छुरी उठाई और पत्नी पर कर दिए कई वार, ह*त्‍या

अंबाला में चरित्र पर शक के चलते पति ने पत्नी की छुरी से गोदकर हत्या की

शराब के नशे में विवाद के बाद पेट, छाती और कोहनी पर किए कई वार

दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया, आरोपी पति बंटी वारदात के बाद फरार


बलदेव नगर थाना क्षेत्र के गुरु नानक नगर में रविवार शाम चरित्र पर शक को लेकर पति ने अपनी 32 वर्षीय पत्नी की छुरी से गोदकर हत्या कर दी। आरोपी पति बंटी शराब के नशे में घर पहुंचा था। पत्नी से विवाद के दौरान उसने रसोई से छुरी उठाई और उसके पेट, छाती व कोहनी पर कई वार कर दिए।

हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ जमीन पर गिर गई। बहन को बचाने पहुंचे उसके भाई को भी आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने मृतका हिना के भाई नन्नू की शिकायत पर आरोपी पति बंटी के खिलाफ हत्या और आपराधिक धमकी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।

फोन व्यस्त मिलने पर पत्नी से करता था विवाद

पुलिस को दिए बयान में नन्नू ने बताया कि उसकी बहन हिना की शादी करीब 13 साल पहले बहादुरगढ़ निवासी बंटी पुत्र अशोक के साथ हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। इनमें 11 साल का बेटा और नौ साल की बेटी है।

नन्नू के अनुसार, परिवार पिछले करीब तीन महीने से गुरु नानक नगर स्थित मकान नंबर 19-सी में किराये पर रह रहा था। बंटी फैक्ट्री में मजदूरी करता है।

नन्नू ने पुलिस को बताया कि बंटी हिना के चरित्र पर शक करता था। हिना का फोन व्यस्त मिलने या किसी से बातचीत करने की बात पर वह अक्सर उसके साथ विवाद करता था। आरोप है कि झगड़े के दौरान बंटी उसे जान से मारने की धमकी भी देता था।

रविवार शाम कपड़े धो रही थी हिना, तभी शराब के नशे में घर पहुंचा बंटी

रविवार शाम करीब 4:30 बजे हिना घर के आंगन में कपड़े धो रही थी। इसी दौरान बंटी शराब के नशे में घर पहुंचा। आरोप है कि घर आते ही उसने फिर हिना के चरित्र पर शक जताते हुए उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इस दौरान हिना ने पति से परेशान होकर तलाक लेने की बात कही। तलाक की बात सुनकर बंटी भड़क गया।

आरोप है कि इसके बाद उसने हिना को जान से मारने की धमकी दी और रसोई से छुरी उठाकर उस पर हमला कर दिया। बंटी ने हिना के पेट, छाती और कोहनी पर कई वार किए।

हमले के बाद हिना गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गई और खून से लथपथ हो गई।

बहन को बचाने पहुंचे भाई को भी जान से मारने की धमकी

बहन पर हमला होते देख नन्नू उसे बचाने के लिए आगे आया। आरोप है कि बंटी ने नन्नू को भी जान से मारने की धमकी दी।

हमले और धमकी के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

हत्या का केस दर्ज, आरोपी पति की तलाश में पुलिस

पुलिस ने मृतका हिना के भाई नन्नू की शिकायत के आधार पर बंटी के खिलाफ हत्या और आपराधिक धमकी की धाराओं में केस दर्ज किया है।

पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। मामले की जांच जारी है। वारदात के बाद परिवार में मातम है और हिना की मौत से उसके दो बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है।