सोनीपत में आदित्‍य का अपहरण, 25 लाख फिरौती की मांग, धमकी— पुलिस आई तो लड़का मुर्दा मिलेगा

सोनीपत में 21 वर्षीय युवक आदित्य का अपहरण कर बंधक बनाकर पीटा गया। अपहरणकर्ताओं ने 25 लाख की फिरौती मांगी। गिरफ्तारी न होने पर ग्रामीणों ने मार्ग जाम किया।

सोनीपत में आदित्‍य का अपहरण, 25 लाख फिरौती की मांग, धमकी— पुलिस आई तो लड़का मुर्दा मिलेगा
  • सोनीपत में 21 वर्षीय युवक आदित्य का अपहरण, बंधक बनाकर पिटाई का वीडियो परिवार को भेजा

  • अपहरणकर्ताओं ने 25 लाख रुपए फिरौती मांगी; कहा—पुलिस गई तो बेटा “मुर्दा” मिलेगा

  • कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों ने सांदल कलां में रोड जाम किया, पुलिस पर लापरवाही का आरोप


हरियाणा के सोनीपत में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 21 वर्षीय युवक आदित्य का अपहरण कर उसे बंधक बनाकर पीटा गया है। आरोपियों ने परिवार को धमकी भरा संदेश और वीडियो भेजकर 25 लाख रुपए फिरौती की मांग की है। आदित्य 10 दिसंबर को दोपहर घर से निकला था और इसके बाद रहस्यमय तरीके से लापता हो गया।

गांव सांदल कलां में लगाए गए जाम के दौरान ग्रामीण और परिजन।

परिवार को आदित्य के ही मोबाइल नंबर से एक पोस्ट भेजी गई, जिसमें उसके किसी लड़की से जुड़े विवाद का मनगढ़ंत आरोप लगाया गया है। पोस्ट में लिखा गया—“25 लाख रुपए तैयार रखो, दो रास्ते हैं—या पुलिस के पास जाओ या हमारे पास। फर्क इतना होगा कि पुलिस तुम्हारा लड़का ढूंढ लेगी लेकिन वह मुर्दा मिलेगा।

ग्रामीणों ने पेड़ों की टहनियां डालकर रोड जाम की।

वीडियो क्लिप में आदित्य के हाथ बंधे हुए नजर आ रहे हैं और शरीर पर गंभीर चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं। यह देख परिवार के होश उड़ गए। पिता सोमपाल ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर गांव सांदल कलां के ग्रामीणों ने पुरखास–खानपुर मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों ने पेड़ों की टहनियां डालकर रोड ब्लॉक कर दिया और मांग की कि पुलिस तुरंत आदित्य को बरामद करे। जाम के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरी और अस्पताल जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

परिवार का कहना है कि आदित्य का किसी से कोई विवाद नहीं था। पिता सोमपाल का आरोप है कि “मेरे बेटे का अपहरण गांव से ही किया गया है। धमकी दी है कि अगर 25 लाख नहीं दिए तो हर दिन 5 लाख बढ़ेंगे।

पुलिस का कहना है कि सभी एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की धीमी कार्रवाई से युवक की जान को गंभीर खतरा बना हुआ है।