प्रेस कांफ्रेंस में थप्‍पड़ मारने वाले रूसी बाक्‍सर को हरियाणा के छोरे ने रिंग में चटाई धूल, नाकआउट कर किया ढे़र

यमुनानगर के अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर नीरज गोयत ने मॉस्को में आयोजित प्रोफेशनल मुकाबले में रूसी मुक्केबाज मार्क उरवानोव को हराकर शानदार जीत दर्ज की।

प्रेस कांफ्रेंस में थप्‍पड़ मारने वाले रूसी बाक्‍सर को हरियाणा के छोरे ने रिंग में चटाई धूल, नाकआउट कर किया ढे़र

➤ यमुनानगर के नीरज गोयत ने मॉस्को में रूसी मुक्केबाज मार्क उरवानोव को हराया

➤ पांचवें राउंड के बाद चोटिल होकर मुकाबले से बाहर हुए रूसी बॉक्सर

➤ थप्पड़ कांड के बाद रिंग में नीरज ने जीत से दिया करारा जवाब


हरियाणा के यमुनानगर निवासी अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर नीरज गोयत ने रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित प्रोफेशनल बॉक्सिंग मुकाबले में शानदार जीत दर्ज करते हुए रूसी मुक्केबाज मार्क उरवानोव को पराजित कर दिया। इस जीत के साथ नीरज ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक बार फिर भारत और हरियाणा का नाम रोशन किया है।

मुकाबले से पहले दोनों खिलाड़ियों के बीच तनाव चरम पर था। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान फेस-ऑफ में मार्क उरवानोव ने नीरज गोयत को थप्पड़ मार दिया था, जिसके बाद यह मुकाबला चर्चा का विषय बन गया था। नीरज ने उसी समय कहा था कि अब यह फाइट उनके लिए व्यक्तिगत चुनौती बन चुकी है।

मॉस्को में मुकाबले के दौरान शुरुआती दो राउंड में मार्क उरवानोव लगातार मूवमेंट करते रहे और नीरज को खुलकर पंच लगाने का मौका नहीं दिया। हालांकि तीसरे राउंड से मुकाबले की तस्वीर बदल गई और नीरज ने आक्रामक अंदाज अपनाते हुए लगातार सटीक पंच लगाने शुरू कर दिए।

नीरज के दमदार हमलों का असर रूसी मुक्केबाज पर साफ दिखाई दिया। चौथे और पांचवें राउंड तक मार्क उरवानोव चोटिल हो चुके थे। चोट गंभीर होने के कारण वह पांचवें राउंड के बाद मुकाबला जारी नहीं रख सके और बैकआउट कर गए। इसके बाद रेफरी ने नीरज गोयत को विजेता घोषित कर दिया।

जीत के बाद नीरज ने खेल भावना का परिचय देते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी मार्क उरवानोव को गले लगाया। उनकी इस खेल भावना की भी काफी सराहना हो रही है।

जीत के बाद भी पूरी तरह संतुष्ट नहीं नीरज

मुकाबला जीतने के बाद नीरज गोयत ने कहा कि वह अपनी जीत से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं। उनका मानना है कि मुकाबला और लंबा चलना चाहिए था, लेकिन प्रतिद्वंद्वी के चोटिल होने के कारण फाइट समय से पहले समाप्त हो गई।

नीरज ने कहा कि प्रोफेशनल करियर में पहली बार उन्हें किसी रूसी मुक्केबाज के खिलाफ लड़ने का अवसर मिला। यदि मार्क पूरी तरह फिट होकर वापसी करते हैं तो वह अगले दो से तीन महीनों में उनके साथ दोबारा मुकाबला करने के लिए तैयार हैं।

थप्पड़ कांड का मिला जवाब

गौरतलब है कि मुकाबले से पहले आयोजित फेस-ऑफ के दौरान मार्क उरवानोव ने नीरज गोयत को थप्पड़ जड़ दिया था। इस घटना के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस भी हुई थी। रिंग में मिली यह जीत उसी चुनौती और विवाद का जवाब मानी जा रही है।