स्टूडेंट की चाकू मारकर हत्या:कॉलेज में ग‍हराए विवाद को सुलझाने बुलाया और घेरकर गला काट डाला

यमुनानगर में कॉलेज विवाद सुलझाने के बहाने बुलाकर 18 वर्षीय छात्र की चाकू मारकर हत्या, भाई और दोस्त घायल, आरोपी फरार।

स्टूडेंट की चाकू मारकर हत्या:कॉलेज में ग‍हराए विवाद को सुलझाने बुलाया और घेरकर गला काट डाला

➤ कॉलेज विवाद सुलझाने के नाम पर गांव खजूरी बुलाया

➤ बातचीत के दौरान बढ़ी कहासुनी, अचानक हमला

➤ आरोपी छात्र और उसके पिता पर हत्या का केस दर्ज



हरियाणा के यमुनानगर जिले में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां कॉलेज से जुड़े पुराने विवाद को सुलझाने के बहाने बुलाकर 18 वर्षीय छात्र की हत्या कर दी गई। घटना में मृतक के तहेरा भाई और दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज चल रहा है।

परिजनों के मुताबिक, खालसा कॉलेज यमुनानगर में पढ़ने वाले छात्र आदित्य (18) को कॉलेज के ही छात्र रक्षित निवासी खजूरी ने विवाद सुलझाने के नाम पर गांव बुलाया था। लेकिन वहां पहुंचते ही हालात बिगड़ गए और मामला हिंसक झगड़े में बदल गया।

परिवार की शिकायत के अनुसार, मौके पर बातचीत के दौरान अचानक कहासुनी हो गई। इसके बाद आरोपियों ने आदित्य और उसके साथ आए युवकों पर हमला कर दिया। हमले में आदित्य की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, जबकि उसका दोस्त राज कुमार और तहेरा भाई अर्जुन भी घायल हो गए।

तीनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल राज कुमार को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।

घायल अर्जुन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि घटना वाले दिन वह घर पर था, तभी उसका चचेरा भाई आदित्य उसके पास आया। आदित्य ने बताया कि कॉलेज में हुए विवाद को सुलझाने के लिए रक्षित ने गांव खजूरी स्थित राजपूत धर्मशाला में बुलाया है।

आदित्य, अर्जुन और उनका दोस्त राज कुमार मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचे, जहां रक्षित अपने पिता प्रीतम सिंह और 5-6 अन्य युवकों के साथ पहले से मौजूद था।

शिकायत के अनुसार, विवाद बढ़ने पर हमला किया गया। जब राज कुमार और अर्जुन ने बीच-बचाव किया तो उन्हें भी निशाना बनाया गया। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हुए, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गांव के ही कुछ युवकों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक आदित्य की जान नहीं बच सकी।

घटना की सूचना मिलते ही थाना जठलाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी छात्र रक्षित और उसके पिता प्रीतम सिंह के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

एहतियातन गांव खजूरी और सिविल अस्पताल यमुनानगर में पुलिस बल तैनात किया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।