विनेश फोगाट ने फिर बृजभूषण पर लगाए गंभीर आरोप
विनेश फोगाट ने WFI के गोंडा रैंकिंग टूर्नामेंट पर सवाल उठाते हुए बृजभूषण शरण सिंह के प्रभाव वाले क्षेत्र में निष्पक्षता और सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
विनेश फोगाट ने फिर बृजभूषण शरण सिंह पर साधा निशाना
■ गोंडा में रैंकिंग टूर्नामेंट कराने पर उठाए सवाल
■ बोलीं- वहां मेरे साथ कुछ भी अनहोनी हो सकती है
देश की दिग्गज महिला पहलवान और हरियाणा के जुलाना से कांग्रेस विधायक Vinesh Phogat ने एक बार फिर भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष Brij Bhushan Sharan Singh पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विनेश ने एक वीडियो जारी कर रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) द्वारा आयोजित होने वाले आगामी रैंकिंग टूर्नामेंट के स्थान को लेकर कड़ी आपत्ति जताई है।
विनेश फोगाट ने कहा कि टूर्नामेंट उत्तर प्रदेश के गोंडा में आयोजित कराया जा रहा है, जिसे उन्होंने बृजभूषण शरण सिंह का प्रभाव क्षेत्र बताया। उन्होंने दावा किया कि जिस कॉलेज में प्रतियोगिता कराई जा रही है, वह बृजभूषण से जुड़ा निजी संस्थान है। ऐसे माहौल में खिलाड़ियों को निष्पक्ष माहौल मिलना मुश्किल है।
वीडियो में विनेश भावुक भी नजर आईं। उन्होंने कहा कि वह पिछले करीब डेढ़ साल से रेसलिंग मैट से दूर थीं, लेकिन कुछ महीनों पहले ही उन्होंने फिर से अभ्यास शुरू किया है। वह पूरी मेहनत और ईमानदारी के साथ वापसी की तैयारी कर रही हैं ताकि देश के लिए फिर मेडल जीत सकें।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है और इस मुद्दे पर खुलकर बात करना जरूरी है। विनेश ने आरोप लगाया कि जिस जगह टूर्नामेंट कराया जा रहा है, वहां निष्पक्षता की उम्मीद करना “नामुमकिन” है।
विनेश फोगाट ने यह भी कहा कि जिन खिलाड़ियों ने पहले विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था, उनके ऊपर मानसिक दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आशंका जताई कि गोंडा में होने वाले इस आयोजन के दौरान उनके साथ कोई “अनहोनी” भी हो सकती है।
उन्होंने वीडियो में कहा कि खिलाड़ियों की सुरक्षा और निष्पक्ष प्रतियोगिता सबसे जरूरी होनी चाहिए। अगर टूर्नामेंट ऐसे प्रभाव वाले क्षेत्र में होगा तो खिलाड़ियों का भरोसा कमजोर होगा।
गौरतलब है कि विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया समेत कई पहलवानों ने पहले भी बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ आंदोलन किया था। उस आंदोलन ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा राजनीतिक और खेल विवाद खड़ा कर दिया था।
अब विनेश के नए वीडियो के बाद एक बार फिर कुश्ती राजनीति और WFI की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल इस मामले पर WFI या बृजभूषण शरण सिंह की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
pooja