होर्मुज स्ट्रेट पर अमेरिका की नाकेबंदी! वैश्विक तनाव बढ़ा, तेल की कीमतों में फिर उछाल
अमेरिका ने होर्मुज स्ट्रेट पर नाकेबंदी लागू की है, जिससे ईरान की तेल सप्लाई पर असर पड़ेगा। फैसले के बाद वैश्विक तेल कीमतों में तेजी आई है।
➤ अमेरिका ने होर्मुज स्ट्रेट पर नाकेबंदी का ऐलान किया
➤ डोनाल्ड ट्रम्प बोले- ईरान की तेल सप्लाई रोकना मकसद
➤ तेल कीमतों में उछाल, वैश्विक तनाव बढ़ने के संकेत
मध्य पूर्व में एक बार फिर तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। अमेरिका ने आज से होर्मुज स्ट्रेट पर नाकेबंदी लागू करने का ऐलान किया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से ईरान के बंदरगाहों की ओर आने-जाने वाले जहाजों को रोका जाएगा।
इस फैसले पर बोलते हुए डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि इस नाकेबंदी का मुख्य उद्देश्य ईरान की तेल बिक्री को रोकना है। उन्होंने दावा किया कि इस अभियान में कई अन्य देश भी अमेरिका का समर्थन कर रहे हैं। ट्रम्प ने यह भी कहा कि ईरान की सैन्य क्षमता को भारी नुकसान पहुंचाया गया है और उसकी नौसेना लगभग निष्क्रिय हो चुकी है। उनके अनुसार, अब तक 158 जहाज नष्ट किए जा चुके हैं।
नाकेबंदी के ऐलान के तुरंत बाद वैश्विक तेल बाजार में बड़ा असर देखने को मिला। वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) की कीमत 104 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड 102 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में महंगाई बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
इस बीच एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पाकिस्तान में हुई बातचीत विफल होने के बाद अमेरिका ईरान पर दोबारा सैन्य कार्रवाई पर भी विचार कर रहा है। व्हाइट हाउस ने संकेत दिए हैं कि मौजूदा हालात को देखते हुए सभी विकल्प खुले रखे गए हैं।
पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स
- चीन को चेतावनी: ट्रम्प ने चीन को चेतावनी दी कि अगर उसने ईरान की सैन्य मदद की, तो उस पर 50% तक टैरिफ लगाया जाएगा।
- नाकेबंदी लागू: अमेरिकी नौसेना होर्मुज स्ट्रेट में सक्रिय होकर जहाजों की आवाजाही रोकने की तैयारी में है।
- अल-अक्सा विवाद: इजराइल के मंत्री बेन गविर के अल-अक्सा मस्जिद दौरे पर जॉर्डन ने कड़ा विरोध जताया।
- ईरान का दावा: ईरान ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट उसके नियंत्रण में है और गुजरने वाले जहाजों से टोल वसूला जाएगा।
- जासूसी में गिरफ्तारी: ईरान में करीब 50 लोगों को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
Akhil Mahajan