पत्‍नी के साथ अवैध संबंध के शक में भतीजे ने चाचा का काट डाला गला, मौत, हत्‍या का मामला दर्ज

फतेहाबाद के टोहाना शहर में भतीजे ने अवैध संबंधों के शक में चाचा की हत्या कर दी। तेजधार हथियार से गर्दन पर वार किया गया। आरोपी गगन गिरफ्तार, पुलिस ने केस दर्ज किया।

पत्‍नी के साथ अवैध संबंध के शक में भतीजे ने चाचा का काट डाला गला, मौत, हत्‍या का मामला दर्ज


फतेहाबाद के टोहाना में भतीजे ने चाचा की हत्या की
अवैध संबंधों के शक में गले पर तेजधार हथियार से वार किया
आरोपी गगन गिरफ्तार, पुलिस ने केस दर्ज किया


हरियाणा के फतेहाबाद जिले के टोहाना शहर में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां एक भतीजे ने अपने चाचा की तेजधार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। वारदात का कारण अवैध संबंधों का शक बताया जा रहा है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के मुताबिक, टोहाना के राज नगर निवासी छबीलदास लौहार (50) और उसका भतीजा गगन (35) शुक्रवार रात बलियाला हेड पर शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर गगन ने गंडासी-नुमा तेजधार हथियार से छबीलदास की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। छबीलदास की मौके पर ही मौत हो गई।

आरोपी गगन को शक था कि उसके चाचा का उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध है। इसी शक ने धीरे-धीरे इस रिश्ते को खून-खराबे में बदल दिया। हत्या के बाद गगन मौके से भाग गया, लेकिन पुलिस ने करीब एक घंटे में उसे घेराबंदी करके पकड़ लिया।

छबीलदास लकड़ी का काम करता था। उसकी पत्नी का निधन 2014 में हो चुका है। उसके बेटे आकाश और बेटी की शादी हो चुकी है। आरोपी गगन स्टील का काम करता है और उसके दो छोटे बच्चे हैं — सात साल की बेटी और चार साल का बेटा।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को टोहाना सिविल अस्पताल भेज दिया। मृतक के बेटे आकाश के बयान पर टोहाना सिटी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह के अनुसार, आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।