आधी रात हरियाणा के 18 स्पा सेंटरों में बड़ी रेड़, 30 युवतियां और 20 युवकों को पकड़ा
18 स्पा सेंटरों पर महिला आयोग और पुलिस की रेड में 30 युवतियां और 20 युवक पकड़े गए, नाबालिग होने का भी संदेह है।
➤ 18 स्पा सेंटरों पर एक साथ हुई पुलिस और महिला आयोग की कार्रवाई
➤ 30 युवतियों और 20 युवकों को पूछताछ के लिए पकड़ा गया
➤ 3 से 4 युवतियों के नाबालिग होने का संदेह, जांच जारी
हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शिनी और पुलिस टीम ने गुरुग्राम के सफायर मॉल 90 में शुक्रवार रात से शनिवार अल सुबह तक बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 स्पा सेंटरों पर छापेमारी की। रात करीब 10 बजे शुरू हुआ यह अभियान सुबह 3 बजे तक चला। कार्रवाई के दौरान 30 युवतियों और 20 युवकों को पकड़ा गया। पुलिस टीम ने कई सेंटरों के अंदर तलाशी ली और वहां से शराब, सिगरेट तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। कुछ स्पा सेंटरों के बाहर ताले लगे मिले, जबकि कुछ अंदर से लॉक थे। पुलिस ने कटर की मदद से दरवाजे खुलवाकर अंदर प्रवेश किया और केबिनों की भी जांच की।
आयोग की चेयरपर्सन के अनुसार, शुरुआती जांच के दौरान कुछ युवतियों ने बताया कि उन्हें इस अवैध गतिविधि में जबरन धकेला गया है। वहीं, 3 से 4 युवतियों के नाबालिग होने का भी संदेह सामने आया है। पुलिस इन युवतियों की उम्र और उनके यहां तक पहुंचने से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। उनके परिवारों से संपर्क करने की प्रक्रिया भी की गई है। साथ ही स्पा सेंटरों के मालिकों और संचालकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
एक महीने पहले मिली थी शिकायत
हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शिनी ने बताया कि मॉल में काम करने वाले डॉक्टरों, महिला कर्मचारियों और दुकानदारों की ओर से करीब एक महीने पहले सामूहिक शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद से ही इस कार्रवाई की योजना तैयार की जा रही थी। एसीपी हेडक्वार्टर अभिलक्ष जोशी की देखरेख में ऑपरेशन के लिए 20 इंस्पेक्टरों समेत करीब 100 पुलिसकर्मियों की टीम तैयार की गई।
आयोग की चेयरपर्सन ने इसे प्रदेश की बड़ी फिजिकल इन्वेस्टिगेशन में से एक बताया। टीम ने शुक्रवार रात सफायर मॉल में एक साथ कार्रवाई शुरू की, ताकि अलग-अलग सेंटरों से जुड़े लोगों को कार्रवाई की भनक न लग सके।
एक साथ 18 सेंटरों पर पहुंची पुलिस टीम
रात करीब 10 बजे पुलिस और महिला आयोग की टीम ने सफायर 90 मॉल में मौजूद 18 स्पा सेंटरों पर एक साथ रेड की। करीब पांच घंटे तक चली कार्रवाई में 30 युवतियों और 20 युवकों को पकड़ा गया। अधिकारियों के मुताबिक, इनमें से कई लोग संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों के इधर-उधर भागने की बात भी सामने आई।
चेयरपर्सन के अनुसार, मॉल के आधिकारिक मेमोरेंडम और नियमों के मुताबिक परिसर में स्पा सेंटर चलाने की अनुमति नहीं थी। इसके बावजूद यहां स्पा सेंटर संचालित किए जा रहे थे। इसी आधार पर भी पूरे मामले की जांच की जा रही है।
बाहर और अंदर से लॉक मिले कई सेंटर
रेड के दौरान पुलिस टीम को कुछ स्पा सेंटरों के गेट बाहर से बंद मिले, जबकि कुछ सेंटर अंदर से लॉक थे। पुलिस ने दरवाजे खोलने के लिए कटर का इस्तेमाल किया और इसके बाद टीम अंदर दाखिल हुई। केबिनों की तलाशी के दौरान शराब, सिगरेट और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने सेंटरों में मौजूद डस्टबिन तक की तलाशी ली।
कार्रवाई के दौरान बरामद सामग्री को जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन सेंटरों में किस तरह की गतिविधियां संचालित हो रही थीं और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।
युवतियों के बयान और परिवारों से संपर्क
आयोग चेयरपर्सन के मुताबिक, कुछ युवतियों ने पूछताछ के दौरान आरोप लगाया कि उन्हें इस गतिविधि में जबरन धकेला गया। इसके बाद सभी पकड़ी गई युवतियों को बस में बैठाकर थाने भेजा गया। 3 से 4 युवतियों के नाबालिग होने का संदेह भी सामने आया और उनके आधिकारिक बयान दर्ज किए गए। पुलिस ने उनके परिवार वालों से संपर्क किया है।
अब पुलिस यह पता कर रही है कि ये युवतियां मूल रूप से कहां की रहने वाली हैं, गुरुग्राम के इन सेंटरों तक कैसे पहुंचीं और यहां उन्हें किस तरह का काम दिया गया था। जांच के दौरान उनकी भूमिका के साथ-साथ उन्हें यहां लाने और काम कराने वाले लोगों की भूमिका भी देखी जा रही है।
सेंटरों में खराब माहौल और सामग्री मिलने का दावा
आयोग अध्यक्ष ने बताया कि कुछ स्पा सेंटरों के अंदर का माहौल बेहद खराब था। वहां शराब से भरे ग्लास और बोतलें मिलीं। बड़ी संख्या में सिगरेट के पैकेट और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई। उन्होंने कहा कि कुछ सेंटरों में लंबे समय तक रहना मुश्किल हो सकता था।
महिला आयोग की ओर से कहा गया है कि नियमों का उल्लंघन कर संचालित किए जा रहे सभी 18 स्पा सेंटरों को सीज किया जाएगा। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर प्रदेशभर में ऐसे अवैध और अनैतिक धंधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
8 सेंटरों में मिले संदिग्ध गतिविधियों के प्रथमदृष्टया सबूत
एसीपी अभिलक्ष जोशी ने बताया कि एक साथ की गई कार्रवाई के दौरान 18 में से 8 स्पा सेंटरों में संदिग्ध गैर-कानूनी गतिविधियों के प्रथमदृष्टया सबूत मिले हैं। पुलिस ने महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्य भी जब्त किए हैं।
जांच एजेंसियां अब पकड़ी गई युवतियों और युवकों से पूछताछ कर रही हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पकड़ी गई युवतियां कहां की रहने वाली हैं, वे इन सेंटरों तक कैसे पहुंचीं और उन्हें कितनी पेमेंट मिलती थी। इसके अलावा स्पा सेंटरों के मालिकों, संचालकों, मैनेजरों और अन्य मददगारों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में सामने आने वाले इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्यों के साथ पूछताछ से मिली जानकारी को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।
Akhil Mahajan