UPSC 2025 में सोनीपत के तीन युवाओं ने रचा इतिहास मानसी, वैभव और अमन ने यूपीएससी में लहराया परचम सोनीपत के तीन होनहारों की बड़ी सफलता
UPSC 2025 के परिणामों में सोनीपत के तीन छात्रों मानसी डागर, वैभव भारद्वाज और अमन ने सफलता हासिल की है। मानसी ने 137वीं, वैभव ने 344वीं और अमन ने 731वीं रैंक प्राप्त की। उनकी सफलता से जिले में खुशी का माहौल है।
■ UPSC 2025 में सोनीपत के तीन युवाओं ने लहराया परचम
■ मानसी डागर 137वीं, वैभव भारद्वाज 344वीं और अमन ने 731वीं रैंक हासिल की
■ तीनों की सफलता से सोनीपत में जश्न का माहौल, परिवारों में खुशी
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC Result 2025) के घोषित परिणामों में हरियाणा के सोनीपत के तीन युवाओं ने शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। मानसी डागर, वैभव भारद्वाज और अमन ने प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त कर प्रशासनिक सेवा की राह में बड़ी उपलब्धि हासिल की। जैसे ही परिणाम घोषित हुए, तीनों के परिवारों और उनके क्षेत्रों में खुशी और जश्न का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार मानसी डागर ने 137वीं रैंक, वैभव भारद्वाज ने 344वीं रैंक और अमन ने 731वीं रैंक हासिल की है। तीनों की सफलता ने पूरे जिले को गर्व महसूस कराया है।
मानसी डागर मूल रूप से सोनीपत के गांव बाघड़ू की रहने वाली हैं, जबकि उनका परिवार शहर के सेक्टर-23 में रहता है। मानसी ने इससे पहले अपने पहले प्रयास में भारतीय विदेश सेवा (IFS) में सफलता हासिल की थी। यह उनका दूसरा प्रयास था, जिसमें उन्होंने और बेहतर रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। उनकी सफलता के बाद गांव बाघड़ू में लोगों ने मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई।
वहीं वेस्ट रामनगर निवासी वैभव भारद्वाज ने 344वीं रैंक हासिल की। वैभव के पिता जयभगवान जिला बार में एडवोकेट हैं। परिवार का कहना है कि बेटे की इस उपलब्धि से पूरे परिवार का सीना गर्व से चौड़ा हो गया है। वैभव की सफलता पर रिश्तेदारों और परिचितों की ओर से लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
इसके अलावा मुरथल के रहने वाले अमन ने 731वीं रैंक हासिल की है। अमन वर्तमान में सीमा सड़क संगठन (BRO) में सहायक कार्यकारी अभियंता (AEE) के पद पर कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि इन दिनों उनकी ड्यूटी अरुणाचल प्रदेश में लगी हुई है। जैसे ही उनकी सफलता की खबर घर पहुंची, उनके परिवार के घर बधाई देने वालों का तांता लग गया।
तीनों युवाओं की इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। सोनीपत जिले के लिए यह उपलब्धि गर्व का विषय बन गई है और युवाओं के लिए प्रेरणा भी।
shubham