पिता ने बेटी की हत्या की, घर में मिला शव नर्सिंग स्टूडेंट की हत्या से सनसनी
सोनीपत के गोहाना में पिता पर 23 वर्षीय नर्सिंग स्टूडेंट बेटी की हत्या का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
■ पिता पर बेटी की हत्या का आरोप, इलाके में सनसनी
■ तेजधार हथियार से गला काटकर वारदात को दिया अंजाम
■ नर्सिंग स्टूडेंट थी युवती, पुलिस जांच में जुटी
हरियाणा के सोनीपत जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पिता पर अपनी ही 23 वर्षीय बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सन्नाटा फैल गया। पुलिस के मुताबिक, युवती की हत्या तेजधार हथियार से गला काटकर की गई है। फिलहाल आरोपी पिता को हिरासत में लेकर मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
यह घटना गोहाना के देवीनगर कॉलोनी की बताई जा रही है, जहां मृतका की पहचान चीनू (23) के रूप में हुई है। वह नर्सिंग (जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी) की पढ़ाई कर रही थी और अपने करियर को लेकर बड़े सपने देख रही थी। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। साथ ही, घटनास्थल से सबूत जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया, जो हर एंगल से जांच में जुटी है।
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे घरेलू कलह या प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और जांच पूरी होने के बाद ही असली वजह सामने आएगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी गोहाना जितेंद्र गहलावत भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
स्थानीय वार्ड नंबर 3 के पार्षद नरेंद्र कुमार ने बताया कि युवती की उम्र करीब 23 वर्ष थी और इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
shubham