सिरसा में भाई-बहन नशीली दवाएं बेचते पकड़े गए ,पुलिस रेड के दौरान युवक फरार, बहन हिरासत में

सिरसा में पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त कार्रवाई में भाई-बहन के घर से 6600 सिग्नेचर और 300 टपेंडाडॉल कैप्सूल बरामद किए गए। युवक मौके से फरार हो गया।

सिरसा में भाई-बहन नशीली दवाएं बेचते पकड़े गए ,पुलिस रेड के दौरान युवक फरार, बहन हिरासत में

सिरसा में भाई-बहन पर नशीली दवाएं बेचने का आरोप

घर से 6600 सिग्नेचर और 300 टपेंडाडॉल कैप्सूल बरामद

पुलिस रेड के दौरान युवक मौके से फरार

हरियाणा के सिरसा में ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सगे भाई-बहन को नशीली दवाओं के कारोबार में पकड़ा है। टीम ने दोनों के घर पर छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद की हैं।

जानकारी के अनुसार दोनों भाई-बहन लंबे समय से इलाके में नशीली दवाएं बेचने का काम कर रहे थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक खुद भी नशे का आदी बताया जा रहा है। वहीं, युवती की भूमिका को लेकर पुलिस अब गहराई से जांच कर रही है।

संयुक्त टीम जब घर पर पहुंची तो युवती पुलिस को देखकर घबराई हुई नजर आई और टीम को अंदर आने से रोकने की कोशिश करने लगी। इसी दौरान उसका भाई मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

टीम ने घर की तलाशी ली तो अलमारी से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार मौके से 6600 सिग्नेचर कैप्सूल और 300 टपेंडाडॉल कैप्सूल बरामद किए गए।

ड्रग विभाग और पुलिस ने सभी दवाओं को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पूछताछ के दौरान युवती इन दवाओं की खरीद और सप्लाई को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी।

कार्रवाई के दौरान युवती भावुक भी नजर आई। वहीं, फरार युवक की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि नशीली दवाओं का नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है और इनके संपर्क में कौन-कौन लोग थे।

फिलहाल मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है और जांच जारी है।