संदीप हत्याकांड में सामने आई गर्लफ्रेंड की चैट, फोन और पैसों को लेकर हुई थी बातचीत
सिरसा में संदीप हत्याकांड की जांच के दौरान उसकी और युवती की व्हाट्सएप चैट सामने आई है। पुलिस कॉल डिटेल और हत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।
संदीप हत्याकांड में गर्लफ्रेंड और युवक की व्हाट्सएप चैट आई सामने
युवती के परिजनों को कॉल और मैसेज का पता चलने के बाद बढ़ा विवाद
पुलिस रिमांड पर आरोपियों से पूछताछ जारी, कॉल डिटेल की जांच शुरू
सिरसा में 22 वर्षीय संदीप कुमार हत्याकांड की जांच के बीच अब उसकी और एक युवती के बीच हुई व्हाट्सएप चैट सामने आई है। चैट में दोनों के बीच नए मोबाइल फोन, गिफ्ट और पैसों को लेकर बातचीत होती दिखाई दे रही है। वहीं पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि लगातार कॉल और मैसेज की वजह से युवती के परिजनों को दोनों के संपर्क की जानकारी मिल गई थी, जिसके बाद विवाद बढ़ता चला गया।
सामने आई चैट के अनुसार युवती संदीप से नया फोन दिलाने की बात कह रही थी। बातचीत के दौरान वह उसे पैसे ट्रांसफर करने के लिए स्कैनर भी भेजती है। जवाब में संदीप कहता है कि उसके पास फिलहाल केवल 500 रुपए हैं और वह गिफ्ट उधार में दिला सकता है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार बहस भी हुई।
चैट में यह भी सामने आया कि युवती के नाराज होने पर उसने संदीप के फोन कॉल उठाने बंद कर दिए थे। इसके बाद संदीप लगातार संपर्क करने की कोशिश करता रहा।
पुलिस जांच में सामने आया है कि संदीप के बार-बार कॉल और मैसेज करने से युवती के परिवार को उनके संबंधों की जानकारी हो गई थी। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उनकी बहन का रिश्ता पहले ही तय हो चुका था, लेकिन इसके बावजूद संदीप उससे लगातार बातचीत करता था।
आरोपियों के अनुसार संदीप रात भर फोन और मैसेज करता था। इस बात की जानकारी रिश्तेदारों तक पहुंची, जिसके बाद युवती का रिश्ता टूट गया। पुलिस के मुताबिक इसी बात को लेकर युवती के परिजनों में नाराजगी थी और बाद में संदीप की हत्या की साजिश रची गई।
जांच में सामने आए सीसीटीवी फुटेज में घटना से कुछ मिनट पहले संदीप दुर्गा माता मंदिर चौक के पास आरोपियों काकू और जतिन के साथ खड़ा दिखाई देता है। फुटेज में वह बाइक के पास खड़े होकर बातचीत करता नजर आता है। इसी दौरान वह करीब दो मिनट तक किसी से फोन पर भी बात कर रहा था।
सीसीटीवी में आगे दिखाई देता है कि बातचीत के दौरान अचानक काकू ने संदीप पर चाकू से हमला शुरू कर दिया। वहीं जतिन भी बाइक से उतरकर मारपीट करने लगा। हमले के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए और गंभीर रूप से घायल संदीप को राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
परिजनों के अनुसार अस्पताल में उपचार के दौरान संदीप ने अपने अंतिम बयान में हमलावरों के नाम बताए थे। उसने युवती का जिक्र करते हुए कहा था कि उसके भाइयों ने उस पर हमला किया है। इसी बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों काकू और जतिन को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को अदालत में पेश किया गया और पुलिस रिमांड हासिल किया गया। पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल हथियार, घटनास्थल की निशानदेही और अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
सिटी थाना प्रभारी बलराज सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से युवती को लेकर लगाए गए आरोपों की भी जांच होगी। दोनों के बीच कॉल और मैसेज की डिटेल मांगी गई है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संदीप वार्ड-29 स्थित संजय कॉलोनी का रहने वाला था। वह परिवार का इकलौता बेटा था। परिजनों के अनुसार करीब तीन साल पहले उसकी पहचान एक युवती से हुई थी। युवती एक बुटीक में काम करती थी, जबकि संदीप शहर की एक क्रॉकरी दुकान में नौकरी करता था। इसी दौरान दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और वे लगातार बातचीत करते रहे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और हत्या के पीछे की परिस्थितियों तथा अन्य संभावित पहलुओं को खंगाल रही है।
pooja