हवा में लटकी बस,अटकी सांसें,बडू साहिब जा रहे पर्यटकों की बाल-बाल बची जान, 6घंटेलगा रहा जाम

सिरमौर में सोलन से बडू साहिब जा रही पर्यटकों से भरी निजी बस निर्माणाधीन पुलिया में फंसकर हवा में लटक गई। सभी यात्री सुरक्षित रहे, जबकि छह घंटे तक यातायात बाधित रहा।

हवा में लटकी बस,अटकी सांसें,बडू साहिब जा रहे पर्यटकों की बाल-बाल बची जान, 6घंटेलगा रहा जाम

पर्यटकों से भरी निजी बस निर्माणाधीन पुलिया में फंसकर हवा में लटकी

सभी यात्री सुरक्षित, करीब छह घंटे तक राजगढ़-खैरी-नाहन मार्ग रहा बंद

स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन स्थल पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की उठाई मांग

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया। सोलन से बडू साहिब जा रही पर्यटकों से भरी एक निजी बस नेहरबाग के पास निर्माणाधीन पुलिया में फंसकर हवा में लटक गई। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, पर्यटकों को लेकर दो निजी बसें सोलन से बडू साहिब की ओर जा रही थीं। पहली बस सावधानीपूर्वक निर्माणाधीन हिस्से को पार कर गई, लेकिन दूसरी बस एक संकरे और तीखे मोड़ पर पुलिया के किनारे फंस गई। बस का पिछला हिस्सा निर्माणाधीन पुलिया में अटक गया, जिससे वाहन न आगे बढ़ सका और न ही पीछे हट पाया। कुछ देर तक बस हवा में लटकी रही, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

बस के फंसने से राजगढ़-खैरी-नाहन मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब छह घंटे तक सड़क पर आवाजाही बंद रही, जिससे सैकड़ों यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। जाम में छोटे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी घंटों तक फंसे रहे।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन मौके पर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद बस को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद मार्ग पर यातायात बहाल किया गया और वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन सड़क और पुलिया स्थल पर सुरक्षा प्रबंधों को और मजबूत करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते स्थिति पर काबू नहीं पाया जाता तो यह घटना बड़े हादसे का रूप ले सकती थी।