जैकी श्रॉफ ने किया रेसलर सरिता मोर के बेटे का नामकरण, भगवान शिव के नाम पर रखा ‘दक्षित’
बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ ने रेसलर सरिता मोर के बेटे का नाम ‘दक्षित मान’ रखा। सरिता मां बनने के बाद ओलिंपिक लक्ष्य के साथ मैट पर वापसी की तैयारी में हैं।
• जैकी श्रॉफ ने रेसलर सरिता मोर के बेटे का नाम रखा दक्षित मान
• भगवान शिव के नाम पर रखा गया नाम; जैकी ने दिया पौधा गिफ्ट
• सरिता ओलिंपिक लक्ष्य के साथ जल्द करेंगी कमबैक, वजन घटाने पर फोकस
विश्व की नंबर-1 हरियाणवी रेसलर रहीं सरिता मोर मां बनने के बाद फिर से मैट पर लौटने की तैयारी में हैं। दिल्ली में हुए नामकरण समारोह में बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ ने सरिता के बेटे का नाम दक्षित मान रखा। यह नाम भगवान शिव के नाम से प्रेरित है।
समारोह में जैकी श्रॉफ ने बच्चे को गोद में लिया और आशीर्वाद देते हुए कहा कि ऊपर वाला तुझे मुझसे भी ज्यादा इज्जत और शोहरत दे।
समारोह में जैकी ने बच्चें को गिफ्ट में पौधा दिया, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि पेड़ इंसान के लिए आशीर्वाद है। सरिता के पति और कोच राहुल मान ने बताया कि बच्चे की राशि मीन है और इसी आधार पर जैकी ने फोन पर ही ‘दक्षित’ नाम सुझाया था। समारोह में करीब एक घंटा मौजूद रहने के बाद जैकी ने परिवार को मुंबई स्थित अपने घर पर आने का न्योता भी दिया।
सरिता मोर ने 7 अक्टूबर को बेटे को जन्म दिया था। प्रसव के एक सप्ताह बाद ही उन्होंने फिटनेस और वजन कम करने पर काम शुरू कर दिया। वे दिसंबर के अंत तक मैट पर वापसी का लक्ष्य रखती हैं। सरिता का वजन डिलीवरी से पहले 88 किलो था, जो कम होकर अब 76 किलो रह गया है। जल्द इसे 66 किलो तक लाने की योजना है और फिर लक्ष्य 57 किलो कैटेगरी में वापसी का है।
ओलिंपिक और विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतना अब सरिता का बड़ा लक्ष्य है। 59 किलो भार वर्ग में सरिता विश्व रैंकिंग में नंबर-1 रहीं और चार एशियाई चैम्पियनशिप पदक जीत चुकी हैं। वर्ष 2021 में उन्हें अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
सरिता से पहले खिलाड़ी गीता फोगाट, मैरी कॉम जैसी एथलीट भी मां बनने के बाद शानदार कमबैक कर चुकी हैं। गीता ने 30 किलो वजन घटाकर नेशनल में रजत जीता था, जबकि मैरी कॉम ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता।
Author1