हरियाणा में सड़क हादसे में स्कूटी सवार की मौत

रोहतक के डेयरी मोहल्ले के रहने वाले राकेश की चरखी दादरी जाते समय सड़क हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार गाड़ी ने स्कूटी को टक्कर मारी। मृतक दो बच्चों का पिता था।

हरियाणा में सड़क हादसे में स्कूटी सवार की मौत

■ रोहतक में स्कूटी सवार की सड़क हादसे में मौत
■ चरखी दादरी जाते समय तेज रफ्तार गाड़ी ने मारी टक्कर
■ दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया


रोहतक के डेयरी मोहल्ले के रहने वाले एक व्यक्ति की चरखी दादरी जाते समय सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान राकेश के रूप में हुई है, जो स्कूटी पर सवार होकर अपनी बहन के पास चरखी दादरी के गांव बोंद जा रहा था। जैसे ही वह गांव डोभ के पास पहुंचा, एक तेज रफ्तार गाड़ी ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राकेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे की सूचना मिलते ही थाना बहुअकबरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम करवाया।

इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक राकेश दो मासूम बच्चों का पिता था। उसके बेटे की उम्र करीब 7 साल और बेटी की उम्र करीब साढ़े 4 साल बताई जा रही है। दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। बताया जा रहा है कि राकेश की पत्नी पिछले करीब सवा दो साल से अपने मायके में रह रही है और दोनों के बीच मनमुटाव चल रहा था। पिछले 11 महीनों से दोनों के बीच तलाक का केस भी कोर्ट में चल रहा था। बताया गया है कि राकेश के अंतिम संस्कार से पहले भी ससुराल पक्ष के लोग झगड़ा करके चले गए।

थाना बहुअकबरपुर के एसएचओ महेश कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।