हरियाणा में थार और ट्रक की भीषण टक्कर, दो भाइयों की मौके पर मौत

रेवाड़ी के कुंड बैरियर के पास थार और ट्रक की भीषण टक्कर में झुंझुनूं और चूरू के दो युवकों की मौत, परिजनों ने पीछे से टक्कर का आरोप लगाया, पुलिस जांच में जुटी।

हरियाणा में थार और ट्रक की भीषण टक्कर, दो भाइयों की मौके पर मौत

रेवाड़ी में दर्दनाक सड़क हादसा दो भाइयों की मौके पर मौत
कुंड बैरियर के पास थार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकराई
राजस्थान के झुंझुनूं और चूरू के युवक दिल्ली जा रहे थे



हरियाणा के रेवाड़ी जिले में नेशनल हाईवे-11 पर शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। कुंड बैरियर के पास तेज रफ्तार थार गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि थार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान झुंझुनूं जिले के गांव सईं कलां निवासी 26 वर्षीय सरजीत और चूरू जिले के गांव शिमला निवासी 19 वर्षीय चेतन के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और गाड़ी में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया जिसे पुलिस ने कुछ देर में खुलवाया।

पुलिस के अनुसार, थार में सवार दोनों युवक राजस्थान से दिल्ली जा रहे थे। जब वे काठुवास टोल प्लाजा पार कर कुंड बैरियर के पास पहुंचे, तभी वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर तोड़कर ट्रक से जा भिड़ी। हादसे में थार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

परिजनों का आरोप है कि हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन ने थार को पीछे से टक्कर मारी, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। परिवार के सदस्य अजयपाल ने बताया कि चेतन और सरजीत दिल्ली में अपना व्यवसाय करते थे और उसी काम से निकल रहे थे। दुखद बात यह है कि दोनों ही अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। चेतन की अभी शादी नहीं हुई थी, जबकि सरजीत की शादी इसी साल फरवरी में हुई थी।

खोल थाना की कुंड चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच जारी है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।