हरियाणा में भीषण हा*दसा, सामान से भरा कैंटर जलकर राख

रेवाड़ी के दिल्ली-जयपुर हाईवे पर डंपर से टक्कर के बाद परचून और दवाइयों से भरे कैंटर में भीषण आग लग गई। चालक सुरक्षित बच गया, जबकि वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया।

हरियाणा में भीषण हा*दसा, सामान से भरा कैंटर जलकर राख
  • दिल्ली-जयपुर हाईवे पर डंपर से टक्कर के बाद कैंटर आग का गोला बना
  • ड्राइवर ने समय रहते कूदकर बचाई जान, फायर ब्रिगेड ने एक घंटे में पाया काबू
  • परचून और दवाइयों से भरा कैंटर पूरी तरह जलकर खाक, पुलिस जांच में जुटी

हरियाणा के रेवाड़ी जिले में शनिवार सुबह दिल्ली-जयपुर हाईवे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। धारूहेड़ा स्थित सावरियां होटल के सामने चल रहे एक कैंटर की आगे जा रहे डंपर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ ही क्षणों में कैंटर में भीषण आग लग गई और वह देखते ही देखते आग का गोला बन गया।

हादसे के दौरान कैंटर चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी।

सूचना मिलते ही धारूहेड़ा सेक्टर-6 थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाने में करीब एक घंटे का समय लग गया। तब तक कैंटर में रखा पूरा सामान और वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुका था। इससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

हादसे के बाद सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली-जयपुर हाईवे पर एक तरफ का यातायात कुछ समय के लिए रोक दिया गया। आग पर काबू पाने और स्थिति सामान्य होने के बाद पुलिस ने वाहनों की आवाजाही दोबारा शुरू कराई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कैंटर में परचून का सामान और दवाइयां लादकर दिल्ली से जयपुर ले जाई जा रही थीं। आगे चल रहे डंपर से टक्कर के बाद सूखा सामान होने के कारण आग तेजी से फैल गई और पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

धारूहेड़ा सेक्टर-6 थाना के प्रभारी सचिन कुंडू ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। कैंटर चालक सुरक्षित है। फिलहाल इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं फायरमैन धीरज कुमार ने बताया कि सुबह 6:50 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। आग पूरी तरह बुझा दी गई है, लेकिन एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर मौजूद है क्योंकि वाहन से बीच-बीच में धुआं निकल रहा था। उन्होंने बताया कि कैंटर में संभवतः परचून और दवाइयों जैसा सूखा सामान भरा हुआ था। सामान की सही जानकारी चालक से पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।