राहुल गांधी ने जारी किया तनु की शादी का वीडियो, प्रियंका गांधी से फोन पर कराई बात
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोनीपत के मदीना गांव में किसान की बेटी तनु की शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया है। वीडियो में प्रियंका गांधी से फोन पर दुल्हन की बात और दिल्ली जाकर दिए गए निमंत्रण की झलक भी दिखाई गई है।
■ राहुल गांधी ने सोनीपत के मदीना गांव में हुई तनु की शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया
■ वीडियो में प्रियंका गांधी से दुल्हन की फोन पर बात और दिल्ली जाकर दिए गए निमंत्रण की झलक
■ राहुल गांधी मंगलवार को शादी में शामिल हो चुके, 12 गांवों के प्रधानों ने पगड़ी बांधकर किया सम्मान
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र के मदीना गांव में हुई किसान परिवार की बेटी तनु की शादी से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया है। करीब 1 मिनट 38 सेकंड के इस वीडियो में राहुल गांधी और किसान परिवार के बीच पिछले कुछ वर्षों में बने आत्मीय रिश्ते की झलक दिखाई गई है।
दरअसल राहुल गांधी मंगलवार को मदीना गांव पहुंचकर किसान संजय की बेटी तनु की शादी में शामिल हुए थे। इसके बाद उन्होंने पूरी मुलाकात और पुराने संबंधों को जोड़ते हुए एक वीडियो जारी किया, जिसमें खेत में धान रोपाई से लेकर शादी समारोह तक के भावनात्मक पल दिखाए गए हैं।
वीडियो में वह दृश्य भी शामिल है जब 25 फरवरी को किसान संजय, उनके भाई और गांव के प्रधान राहुल गांधी को शादी का निमंत्रण देने दिल्ली पहुंचे थे। उस समय परिवार ने उनसे कहा था कि “आना पड़ेगा जी जरूर से।” राहुल गांधी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया था कि “ट्राई करेंगे” और आखिरकार वह शादी में पहुंच भी गए।
शादी समारोह के दौरान राहुल गांधी ने परिवार के साथ जमीन पर बैठकर बातचीत की। इसी दौरान उन्होंने प्लेट से एक जलेबी उठाकर दुल्हन तनु को दी, जिसे तनु ने तोड़कर राहुल गांधी को खिलाया। इस दौरान किसान संजय भी उनके साथ जलेबी खाते नजर आए।
कार्यक्रम में आसपास के 12 गांवों के प्रधान भी पहुंचे, जिन्होंने राहुल गांधी का स्वागत करते हुए उनके सिर पर पगड़ी बांधकर सम्मान किया। ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें बेहद खुशी है कि राहुल गांधी गांव में पहुंचे और परिवार की खुशी में शामिल हुए।
वीडियो में राहुल गांधी का किसान परिवार से पुराना जुड़ाव भी दिखाया गया है। इसमें तीन साल पहले खेत में धान रोपाई करते हुए बिताए गए पल और दिल्ली में सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी के साथ डिनर के पुराने दृश्य भी शामिल हैं।
मदीना गांव में राहुल गांधी ने दुल्हन तनु से उसके होने वाले पति के बारे में भी बातचीत की। राहुल गांधी ने पूछा कि लड़का क्या करता है। तनु ने बताया कि उसने बीए की पढ़ाई की है और अब एमए कर रहा है, साथ ही क्रिकेट भी खेलता है। इस पर राहुल गांधी ने मुस्कुराते हुए पूछा कि वह बैटिंग करता है या बॉलिंग, जिस पर तनु ने जवाब दिया कि वह दोनों करता है।
बातचीत के दौरान परिवार की महिलाओं ने सोनिया गांधी के स्वास्थ्य के बारे में भी पूछा। राहुल गांधी ने बताया कि मां ठीक हैं, लेकिन लंबा सफर उनके लिए थोड़ा मुश्किल हो जाता है। इसी दौरान राहुल गांधी ने प्रियंका गांधी को फोन लगाया और दुल्हन तनु की उनसे बात कराई। फोन पर तनु ने प्रियंका गांधी को नमस्ते करते हुए हालचाल पूछा। प्रियंका गांधी ने भी दुल्हन को शुभकामनाएं दीं। वीडियो के अंत में राहुल गांधी परिवार के साथ फोटो खिंचवाते हुए दिखाई देते हैं, जबकि दुल्हन तनु उनके द्वारा दिया गया शगुन का लिफाफा हाथ में लिए नजर आती है।
Akhil Mahajan