पानीपत में अब विश्वस्तरीय हार्ट ट्रीटमेंट की सुविधा, उजाला सिग्नस अस्पताल में एडवांस कार्डियोलॉजी सेंटर शुरू
उजाला सिग्नस महाराजा अग्रसेन अस्पताल, पानीपत में एडवांस कार्डियोलॉजी सेंटर और CTVS सेवाएं शुरू हो गई हैं। अब मरीजों को ओपन हार्ट सर्जरी सहित आधुनिक हृदय उपचार अपने शहर में मिलेगा।
➤ उजाला सिग्नस महाराजा अग्रसेन अस्पताल में एडवांस कार्डियोलॉजी और CTVS सेवाओं की शुरुआत
➤ ओपन हार्ट सर्जरी, एंजियोप्लास्टी और जटिल हृदय उपचार अब पानीपत में ही उपलब्ध
➤ पानीपत समेत 8 जिलों के मरीजों को बड़े शहरों में इलाज के लिए नहीं जाना पड़ेगा
पानीपत और आसपास के जिलों के हृदय रोगियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। उजाला सिग्नस महाराजा अग्रसेन अस्पताल ने अपने स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करते हुए एडवांस कार्डियोलॉजी सेंटर और कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी (CTVS) विभाग की शुरुआत कर दी है। अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि अब मरीजों को ओपन हार्ट सर्जरी, जटिल एंजियोप्लास्टी, हार्ट वाल्व रिपेयर, वैस्कुलर सर्जरी और आपातकालीन हृदय उपचार जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी। इससे पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, सोनीपत, रेवाड़ी और आसपास के हजारों मरीजों को इलाज के लिए दिल्ली या अन्य महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
देश के अनुभवी हृदय रोग विशेषज्ञों की टीम से मिलेगी आधुनिक उपचार सुविधा
अस्पताल ने देश के प्रतिष्ठित इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. नरेश कुमार गोयल को एडवाइजर-कार्डियोलॉजी के रूप में अपनी टीम से जोड़ा है। अस्पताल के अनुसार उन्हें दो दशक से अधिक का अनुभव है और वे हजारों कार्डियक कैथेटराइजेशन व जटिल एंजियोप्लास्टी कर चुके हैं। उन्होंने आधुनिक कार्डियक तकनीकों और ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर हृदय उपचार पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि आज कम उम्र में भी हृदय रोग तेजी से बढ़ रहे हैं और समय पर जांच व आधुनिक उपचार से बड़ी संख्या में मरीजों की जान बचाई जा सकती है।
इसी तरह ग्रुप सीनियर डायरेक्टर (CTVS) डॉ. चंद्र मोहन मित्तल भी अब अस्पताल समूह का हिस्सा बन गए हैं। अस्पताल के अनुसार AIIMS नई दिल्ली से प्रशिक्षित डॉ. मित्तल को 19 वर्षों से अधिक का अनुभव है और वे हजारों जटिल हृदय एवं वैस्कुलर सर्जरी कर चुके हैं। उनके नेतृत्व में अस्पताल में कार्डियक सर्जरी सेवाओं का और विस्तार किया जाएगा। वहीं कंसल्टेंट कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. मनदीप सिंह आधुनिक कार्डियोलॉजी, एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी, हार्ट फेल्योर, हाई ब्लड प्रेशर और प्रिवेंटिव कार्डियोलॉजी सेवाएं उपलब्ध कराएंगे।
ओपन हार्ट सर्जरी से लेकर इमरजेंसी कार्डियक केयर तक सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार अब यहां ओपन हार्ट सर्जरी (CABG), हार्ट वाल्व रिपेयर एवं रिप्लेसमेंट, मिनिमली इनवेसिव कार्डियक सर्जरी, एओर्टिक एन्यूरिज्म सर्जरी, थोरासिक एवं वैस्कुलर सर्जरी, जन्मजात हृदय रोगों की सर्जरी, री-डू कार्डियक सर्जरी और इमरजेंसी हार्ट सर्जरी जैसी उन्नत सेवाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा एंजियोप्लास्टी, जटिल कोरोनरी इंटरवेंशन, कार्डियक कैथ लैब, पेसमेकर प्रत्यारोपण, ICD एवं CRT थेरेपी, इकोकार्डियोग्राफी, टीएमटी, होल्टर मॉनिटरिंग और हार्ट फेल्योर क्लिनिक जैसी सुविधाएं भी मरीजों को मिलेंगी।
अस्पताल के यूनिट हेड कपिल नारंग ने कहा कि इस विस्तार का उद्देश्य हरियाणा में गुणवत्तापूर्ण और किफायती हृदय उपचार उपलब्ध कराना है ताकि मरीजों को बड़े शहरों में जाने की मजबूरी न रहे। अस्पताल का दावा है कि इस नई सुविधा से उत्तर हरियाणा के हजारों मरीजों को सीधे लाभ मिलेगा।
Akhil Mahajan