पानीपत में नहर किनारे ऑन स्कूटी में मिली लाइसेंसी रिवाल्वर, बैग से 12वीं की किताबें, 4 कारतूस, रैपर-चश्मा भी मिला
पानीपत के समालखा में नहर किनारे ऑन स्कूटी, रिवाल्वर और 12वीं की किताबों से भरा बैग मिला। पुलिस सुसाइड या वारदात के एंगल से जांच कर रही है।
नहर किनारे ऑन हालत में स्कूटी और लाइसेंसी रिवाल्वर मिलने से हड़कंप
बैग में 12वीं की किताबें और 4 जिंदा कारतूस बरामद
सुसाइड या वारदात? पुलिस कई एंगल से जांच में जुटी
पानीपत जिले के समालखा क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब नारायण से नामुंडा नहर के पुल के पास संदिग्ध हालत में एक स्कूटी और हथियार बरामद हुआ। मौके की स्थिति देखकर किसी बड़ी अनहोनी की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, डिंडार की तरफ जाने वाले रास्ते पर नहर किनारे एक काली इलेक्ट्रिक स्कूटी ऑन हालत में खड़ी मिली, जिसकी चाबी भी लगी हुई थी। स्कूटी के पास ही एक लाइसेंसी रिवाल्वर और एक बैग पड़ा मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
सुबह सैर पर निकले एक राहगीर ने जब यह संदिग्ध स्थिति देखी, तो उसने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही समालखा थाना प्रभारी दीपक कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए CIA-1 टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया।
मौके से मिली रिवाल्वर की जांच में सामने आया कि उसमें से दो कारतूस फायर किए जा चुके थे। वहीं बैग की तलाशी लेने पर उसमें 4 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
बैग के अंदर से 12वीं कक्षा की गणित की किताब, एक कॉपी, 4-5 पेन और एक डिब्बी में रखा चश्मा भी मिला है। इसके अलावा मौके से चॉकलेट के रैपर और स्कूटी की रिमोट चाबी भी बरामद की गई है।
इन सभी चीजों के मिलने से यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि स्कूटी सवार कोई छात्र हो सकता है। पुलिस इस मामले को सुसाइड या किसी बड़ी वारदात दोनों एंगल से जांच रही है।
थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि मौके से मिले सभी सामान को कब्जे में ले लिया गया है और आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि कहीं स्कूटी सवार व्यक्ति नहर में तो नहीं कूद गया।
फिलहाल पुलिस स्कूटी के नंबर और रिवाल्वर के लाइसेंस के आधार पर मालिक की पहचान करने में जुटी है। साथ ही गुमशुदगी की रिपोर्ट से भी मिलान किया जा रहा है, ताकि पूरे मामले का सच सामने आ सके।
Akhil Mahajan