मसाज सेंटर की आड़ में सेक्‍स रैकेट, किशोरी मिली 4 माह की प्रेगनेंट , 5 पर FIR

पानीपत में मसाज सेंटर की आड़ में नाबालिगों के शोषण के आरोप लगे हैं। 17 वर्षीय पीड़िता गर्भवती मिली, दंपती समेत पांच पर FIR दर्ज हुई।

मसाज सेंटर की आड़ में सेक्‍स रैकेट, किशोरी मिली 4 माह की प्रेगनेंट , 5 पर FIR

17 वर्षीय पीड़िता चार माह से अधिक की गर्भवती मिली
नेहा उर्फ कविता और पति राजन समेत पांच आरोपी नामजद
BNS और POCSO एक्ट के तहत केस, पुलिस जांच में जुटी


हरियाणा में नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर कथित तौर पर अनैतिक गतिविधियों में धकेलने का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की, जो अक्टूबर 2025 से लापता बताई जा रही थी, अब चार माह से अधिक की गर्भवती मिली है। परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी को एक ऐसे नेटवर्क के चंगुल में फंसाया गया, जो मसाज सेंटर की आड़ में नाबालिग लड़कियों का शोषण करता था। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांच लोगों को नामजद करते हुए BNS और POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

आरोपी नेहा उर्फ कविता कंसल।

परिजनों के अनुसार, नाबालिग के अचानक गायब होने के बाद उन्होंने काफी समय तक अपने स्तर पर उसकी तलाश की। थाने में भी उसकी जानकारी के लिए प्रयास किए गए, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद परिवार ने मामले की अपने स्तर पर पड़ताल शुरू की। इसी दौरान उन्हें कथित तौर पर पता चला कि उनकी बेटी एक ऐसे नेटवर्क के संपर्क में पहुंच गई थी, जिसमें मसाज सेंटर चलाने के नाम पर लड़कियों से गलत काम करवाया जाता था।

शिकायत में नेहा उर्फ कविता और उसके पति राजन कंसल पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। परिवार का आरोप है कि दोनों नाबालिग लड़कियों को अलग-अलग तरह के प्रलोभन देकर अपने संपर्क में लाते थे। शिकायत के मुताबिक, लड़कियों को डराने के लिए कथित तौर पर तांत्रिक विद्या का भय भी दिखाया जाता था। इसके बाद उन्हें नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संपर्क में पहुंचाया जाता था।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि इस पूरे नेटवर्क में नाबालिग लड़कियों को विशेष रूप से निशाना बनाया जाता था। शिकायत के अनुसार, नेहा और राजन कंसल लड़कियों को अपने संपर्क में लाने के बाद आगे अन्य लोगों तक पहुंचाते थे। मामले में मोहन लाल, शैंकी कुमार और इंडी को भी नामजद किया गया है। परिवार का आरोप है कि ये लोग मसाज सेंटर की आड़ में चलाए जा रहे कथित सेक्स रैकेट से जुड़े हुए थे।

प्रतीकात्मक फोटो।

मामले का सबसे गंभीर पहलू तब सामने आया, जब परिवार को पीड़िता के चार माह से अधिक गर्भवती होने की जानकारी मिली। इसके बाद उसकी शारीरिक और मानसिक स्थिति को देखते हुए परिजनों ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया और मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की।

परिजनों का आरोप है कि शुरुआत में स्थानीय स्तर पर उनकी शिकायत को अपेक्षित गंभीरता नहीं मिली। बाद में DSP के हस्तक्षेप के बाद मामले में तेजी आई और पुलिस ने शिकायत के आधार पर आपराधिक मामला दर्ज किया।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां की शिकायत पर नेहा उर्फ कविता, राजन कंसल, मोहन लाल, शैंकी कुमार और इंडी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। किला थाना प्रभारी दीवान सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 99, 64(1) और 144 के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।

यह पूरा मामला पानीपत के किला थाना क्षेत्र से जुड़ा है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, नाबालिग के लापता होने की परिस्थितियों और कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। नाबालिग की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।