BJP नेता ने Genz पर चलाई गोली! परिवार का दावा शरीर में अब भी फंसी है बुलेट, जानें हरियाणा का यह पूरा मामला
पानीपत में फायरिंग से घायल नाबालिग ने BJP नेता पर गोली चलाने का आरोप लगाया। परिजनों ने समझौते के लिए 7 लाख रुपये ऑफर का दावा किया।
➤ नाबालिग ने BJP नेता पर गोली चलाने का लगाया आरोप, शरीर में अब भी फंसी है गोली
➤ परिजनों का दावा- समझौते के लिए 5 से 7 लाख रुपए का ऑफर, ASI धर्मराज पर लगाए आरोप
➤ SHO ने आरोपों को बताया गलत, कहा- दोनों शिकायतों की जांच जारी, दोषी पर होगी कार्रवाई
हरियाणा के पानीपत में 2 सितंबर की रात हुई फायरिंग के मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। गोली लगने से घायल नाबालिग प्रिंस ने BJP नेता लखन पांचाल पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। प्रिंस के मुताबिक, वह कूड़ा बीनने के बाद घर लौट रहा था और रास्ते में रुककर एक झगड़ा देखने लगा था। इसी दौरान मारपीट और तोड़फोड़ के बीच अचानक फायरिंग शुरू हो गई और एक गोली उसे लग गई।
प्रिंस का दावा है कि यह गोली लखन पांचाल ने चलाई थी। उसने बताया कि गोली लगने के बाद वह नीचे गिर गया। इसके बाद उसने लखन को छत पर चढ़कर भी फायरिंग करते देखा। प्रिंस के अनुसार, लखन ने छत से चार गोलियां चलाईं।
प्रिंस का इलाज जाटल रोड स्थित निजी अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, गोली अभी उसके शरीर में ही है। परिवार की सहमति मिलने के बाद ऑपरेशन कर गोली निकाली जाएगी।
मामले में एक और गंभीर आरोप सामने आया है। प्रिंस के परिजनों का कहना है कि एक पुलिस अधिकारी ने BJP नेता के परिवार की ओर से समझौते के लिए 5 से 7 लाख रुपए देने का ऑफर दिया था। हालांकि, SHO बंसीलाल ने ASI धर्मराज पर लगाए गए इन आरोपों को गलत बताया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है और जो भी दोषी मिलेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
2 सितंबर की रात BJP महिला पार्षद के घर के बाहर हुई थी फायरिंग
दरअसल, पानीपत की मोतीराम कॉलोनी में 2 सितंबर की रात BJP महिला पार्षद कोमल पांचाल के घर पर फायरिंग का मामला सामने आया था। इस मामले में उनके जेठ लखन पांचाल ने पुलिस को शिकायत दी थी।
लखन की शिकायत के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे वह हरि सिंह चौक के पास गली से गुजर रहे थे। इसी दौरान वहां लव पंडित, उसका भाई चिनू पंडित, अमन पंडित और 4-5 अन्य लड़के बाइक लगाकर रास्ता रोककर खड़े थे।
लखन ने बताया कि जब उन्होंने रास्ता रोकने का कारण पूछा तो लव पंडित और उसके साथियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें छुड़ाया। आरोप है कि जाते समय लव पंडित ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
इसके कुछ देर बाद जब लखन अपने घर के पास पहुंचे तो वहां लव पंडित करीब 30 लोगों के साथ पहुंच गया।
लखन ने आरोप लगाया- हथियारों से लैस होकर पहुंचे थे हमलावर
लखन की ओर से दर्ज FIR में आरोप लगाया गया कि लव के साथ आए लोगों में पाले, कादिर राणा और सौरभ के पास हथियार थे। उनके साथ आए कई अन्य लोगों के हाथों में लाठी-डंडे थे।
शिकायत के मुताबिक, इन चारों ने लखन को जान से मारने के इरादे से फायरिंग कर दी। गोली चलते ही लखन जान बचाने के लिए अपने घर की ओर भागा। आरोप है कि हमलावर भी लाठी-डंडे लेकर उसके पीछे दौड़े।
लखन ने पुलिस को बताया कि वह घर के अंदर घुस गया, लेकिन हमलावरों ने बाहर बैठे उसके पिता ईशम सिंह पांचाल पर हमला कर दिया। उनके साथ मारपीट कर उन्हें चोटें पहुंचाई गईं।
इसके बाद हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी स्विफ्ट कार, भाई की वेन्यू कार और परिवार की बाइकों में तोड़फोड़ की। शिकायत के अनुसार, जान से मारने की धमकी देते हुए सभी हथियार लेकर मौके से फरार हो गए।
अब घायल प्रिंस ने सुनाई अलग कहानी, बोला- झगड़ा देखने के दौरान लगी गोली
इस मामले में अब गोली लगने से घायल नाबालिग प्रिंस का बयान सामने आया है। जाटल रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती प्रिंस ने बताया कि वह कूड़ा बीनने का काम करता है। 2 सितंबर की रात वह काम से घर लौट रहा था।
प्रिंस के अनुसार, जब वह इशम पांचाल के घर के बाहर पहुंचा तो वहां काफी भीड़ लगी हुई थी। कुछ लोग आपस में झगड़ रहे थे। वह भी रास्ते में रुककर झगड़ा देखने लगा।
उसने बताया कि कुछ देर बाद वहां मारपीट शुरू हो गई। लाठी-डंडे चलने लगे और तोड़फोड़ भी होने लगी। इसी दौरान अचानक गोलियां चल गईं। इनमें से एक गोली उसे लग गई।
प्रिंस का दावा है कि यह गोली BJP नेता लखन ने चलाई थी। गोली लगते ही वह नीचे गिर गया। इसके बाद उसने देखा कि लखन छत पर चढ़ गया और वहां से भी फायरिंग की। प्रिंस के मुताबिक, उसने छत से चार गोली चलाई।
परिजनों का आरोप- समझौते के लिए इलाज और लाखों रुपये का ऑफर
प्रिंस की मां कविता और पिता का कहना है कि वे पुलिस को शिकायत देने के साथ ही SP से भी मिल चुके हैं। परिवार का आरोप है कि इसके बावजूद मामले में कार्रवाई नहीं हुई।
परिजनों के मुताबिक, गुरुवार को तहसील कैंप थाने के जांच अधिकारी ASI धर्मराज अस्पताल पहुंचे थे। परिवार का आरोप है कि उन्होंने बताया कि लखन के परिवार की ओर से समझौते का ऑफर आया है।
आरोप है कि लखन के खिलाफ बयान नहीं देने के बदले प्रिंस का इलाज कराने और 5 से 7 लाख रुपए देने की बात कही गई। परिवार ने इस मामले में पुलिस के सामने अपनी बात रखी है।
हालांकि, पुलिस की ओर से इन आरोपों को खारिज किया गया है।
SHO बोले- ASI धर्मराज पर लगाए आरोप गलत, दोनों शिकायतों की जांच जारी
मामले को लेकर SHO बंसीलाल ने बताया कि ASI धर्मराज पर लगाए गए आरोप झूठे हैं। उन्होंने कहा कि प्रिंस के परिवार की ओर से लखन पर गोली चलाने के आरोप लगाते हुए दो शिकायतें मिली हैं।
SHO के अनुसार, दोनों शिकायतों की जांच की जा रही है। SP को दी गई शिकायत भी पुलिस के पास आ चुकी है और मामले के सभी पहलुओं को जांच में शामिल किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिसने भी गलत किया होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रिंस के शरीर में अभी गोली, परिवार की सहमति के बाद होगा ऑपरेशन
SHO बंसीलाल ने यह भी बताया कि गोली अभी प्रिंस के शरीर में ही है। परिवार की सहमति नहीं मिलने के कारण फिलहाल ऑपरेशन नहीं हो पा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर का ओपिनियन आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दोनों पक्षों की ओर से सामने आए आरोपों और शिकायतों की जांच कर रही है।
वहीं, मामले में BJP नेता लखन पांचाल का पक्ष जानने के लिए कॉल और वॉट्सएप मैसेज किया गया, लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला।
Akhil Mahajan