मासूम शर्मा ने पाखंडवाद के खिलाफ छेड़ी मुहिम,एक हफ्ते में पाखंडवाद का सफाया करने का ऐलान
सिंगर मासूम शर्मा ने पाखंडवाद के खिलाफ एक सप्ताह की मुहिम का ऐलान किया, ढोंगी बाबाओं के पोस्टर-होर्डिंग हटाने और वीडियो टैग करने की अपील की
मासूम शर्मा ने पाखंडवाद के खिलाफ एक सप्ताह की मुहिम का ऐलान किया
➤ ढोंगी बाबाओं के पोस्टर-होर्डिंग हटाने और वीडियो टैग करने की अपील
➤ ‘तत्वदर्शी’ और ‘फिल्मी बाबा’ के बाद दो और गाने लाने का किया दावा
हरियाणवी कलाकार एवं सिंगर मासूम शर्मा ने पाखंडवाद के खिलाफ एक नई मुहिम छेड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने वीडियो जारी कर दावा किया कि एक सप्ताह में पाखंडवाद का सफाया करना है। मासूम शर्मा ने युवाओं से ढोंगी-पाखंडियों के पोस्टर और होर्डिंग हटाने तथा इसकी वीडियो बनाकर उन्हें टैग करने की अपील की है।
मासूम शर्मा ने वीरवार रात लाइव आकर वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा कि पाखंड के खिलाफ उनकी मुहिम के तहत उन्होंने दो गाने बनाए हैं। इनमें ‘तत्वदर्शी’ गाना यूट्यूब पर सातवें नंबर पर और ‘फिल्मी बाबा’ गाना यूट्यूब पर ऑल इंडिया दूसरे नंबर पर ट्रेंडिंग में चल रहा है।
मासूम शर्मा बोले- पहले लोग और राजनेता इनसे डरते थे
मासूम शर्मा ने कहा कि पहले कुछ लोग इनसे डरते थे। राजनीतिक लोग भी इनसे डरते थे कि इनके पास लोग या भीड़ है। अब उन्हें ऐसा लग रहा है कि यह सिर्फ एक माहौल बना हुआ है और वास्तव में इनके साथ भीड़ नहीं, बल्कि चंद लोग हैं।
उन्होंने कहा कि भीड़ तो इनके खिलाफ है और सनातन की रक्षा करने वाली है। उनका कहना था कि इससे इन ढोंगी, पाखंडी और फिल्मी बाबाओं को पता चलेगा कि लोग जाग चुके हैं और अब उन्हें छोड़ेंगे नहीं।
मासूम शर्मा ने यह भी कहा कि पाखंडवाद पर दो गाने और नए आने हैं।
मंदिर में भजन संध्या के दौरान भी किया था सियासी कटाक्ष
मासूम शर्मा इससे पहले भी पाखंडवाद के मुद्दे पर अपनी बात रख चुके हैं। उन्होंने मंदिर में आयोजित भजन संध्या के दौरान सियासी कटाक्ष करते हुए पाखंडवाद को लेकर कई बातें कहीं थीं।
इस दौरान उन्होंने ‘तत्वदर्शी’ गाना भी गाया था। उन्होंने सनातन को बचाने और लोगों से इन पाखंडियों के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की थी। हाल ही में मासूम शर्मा ने ‘फिल्मी बाबा’ नाम से अपना दूसरा नया विवादित सांग भी रिलीज किया है।
पोस्टर-होर्डिंग दिखें तो वीडियो बनाकर टैग करने की अपील
मासूम शर्मा ने कहा कि कहीं भी इन पाखंडियों के होर्डिंग या पोस्टर दिखाई दें या किसी सरकारी बिल्डिंग पर इनके पोस्टर लगे हों, तो उनका सफाया किया जाए। उन्होंने युवाओं से ऐसे पोस्टर हटाने की वीडियो बनाकर उन्हें टैग करने को कहा।
उन्होंने कहा कि वह इन वीडियो को अपनी स्टोरी पर लगाएंगे। उनका कहना था कि एक सप्ताह में पाखंडवाद समाप्त करना है।
मासूम शर्मा ने कहा कि जिन युवाओं ने यह पहल शुरू की है और इन ढोंगी-पाखंडियों के पोस्टर फाड़ रहे हैं, उन्हें यह काम जारी रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि तब इन पाखंडियों को पता चल जाएगा कि अब उनकी दुकान बंद होने वाली है।
हर व्यक्ति का फर्ज है कि पाखंड के खिलाफ आवाज उठाए: मासूम
मासूम शर्मा ने कहा कि हर व्यक्ति का फर्ज बनता है कि वह पाखंड के खिलाफ आवाज उठाए। उन्होंने कहा कि देश का बहुत सा भाग कई देशों में बंटने के बाद बचा हुआ भू-भाग भी इन पाखंडियों की वजह से खतरे में है। उन्होंने सभी लोगों से इस मुहिम में सहयोग करने की अपील की।
8 सितंबर को रिलीज हुआ ‘फिल्मी बाबा’ का ऑफिशियल ट्रैक
मासूम शर्मा ने अपना दूसरा गाना ‘फिल्मी बाबा’ भी रिलीज कर दिया है। इसे मासूम शर्मा ने गाया है, जबकि इसके राइटर अमर करनावल हैं।
8 सितंबर को मासूम शर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर 3.41 मिनट का इसका ऑफिशियल ट्रैक जारी किया था। गाने में पाखंडी बाबाओं और डेरों को एक बार फिर निशाने पर लिया गया है।
गाने के शुरुआती बोल में पाखंडी बाबाओं पर निशाना
‘फिल्मी बाबा’ सॉन्ग के शुरुआती बोल में कहा गया है- ‘ना इज्जत असली संता की गुरुआं की या मत मारदी जनता की, इन झोले झाप बाबा नै। जो जी चाहवे वो लिखूंगा, जो जी कहवे वो गाऊंगा। मैंन जीनी आंदी ना जिंदगी दाबां की। जो खुद नै प्रभु दर्शा रहे, पांखड देश में फैला रहे’।
मासूम शर्मा के इस नए वीडियो और गाने के जरिए पाखंडवाद के खिलाफ उनकी मुहिम को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
Akhil Mahajan