पूर्व डिप्टी CM के जीजा को 5 करोड़ की फिरौती की धमकी

पानीपत में JJP नेता देवेंद्र कादियान को अमित भाऊ गैंग के नाम पर 5 करोड़ रुपये की फिरौती की धमकी मिली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पूर्व डिप्टी CM के जीजा को 5 करोड़ की फिरौती की धमकी

पूर्व डिप्टी CM के जीजा को 5 करोड़ की फिरौती की धमकी
अमित भाऊ गैंग के नाम पर कॉल, बच्चों और फार्महाउस पर हमले की चेतावनी
पानीपत पुलिस अलर्ट, साइबर और CIA टीमें जांच में जुटीं



हरियाणा के पानीपत में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के जीजा और जननायक जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र कादियान को 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगते हुए जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी देने वाले ने खुद को कुख्यात अमित भाऊ गैंग का सदस्य बताया है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

जानकारी के अनुसार, 18 मार्च की देर रात जब देवेंद्र कादियान एक शादी समारोह में मौजूद थे, तभी उनके व्हाट्सएप पर एक विदेशी नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने साफ शब्दों में कहा कि “5 करोड़ रुपये का इंतजाम कर ले और इसी नंबर पर कॉल बैक करियो, नहीं तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहियो।” इसके बाद आरोपी ने दोबारा कॉल की और अगली सुबह करीब डेढ़ मिनट का धमकी भरा ऑडियो मैसेज भी भेजा, जिसमें उसने कादियान के बच्चों और फार्महाउस पर हमले की बात कही।

देवेंद्र कादियान हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के जीजा हैं।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद देवेंद्र कादियान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले को सार्वजनिक किया और पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बीएनएस की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। साथ ही कादियान के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस की साइबर सेल और CIA टीमें उस नंबर को ट्रेस करने में जुटी हैं, जिससे धमकी दी गई। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि कॉल विदेशी नंबर से की गई, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

देवेंद्र कादियान ने आरोप लगाया कि उन्हें पहले भी दो बार धमकियां मिल चुकी हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन ने गंभीरता नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि पहले उन्हें सुरक्षा दी गई थी, जिसे करीब 8 महीने पहले वापस ले लिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस सिर्फ सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों को सुरक्षा दे रही है, जबकि जरूरतमंद लोगों की अनदेखी की जा रही है।

गौरतलब है कि देवेंद्र कादियान हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर स्वर्गीय सतबीर सिंह कादियान के बेटे हैं और प्रदेश की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। 2019 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने जजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था और भाजपा नेता के खिलाफ कड़ी टक्कर दी थी।

इस घटना ने एक बार फिर हरियाणा में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और गैंगस्टर नेटवर्क पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है और मामले की हर एंगल से जांच जारी है।