पानीपत में नगर निगम की कार्रवाई, 3 जगहों पर अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर

पानीपत में नगर निगम की डीटीपी ब्रांच ने 3 जगहों पर अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई करते हुए 29 गलियां और 18 प्लॉटों की नींव तोड़ी। अब केस दर्ज होंगे।

पानीपत में नगर निगम की कार्रवाई, 3 जगहों पर अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर

■ पानीपत में नगर निगम की कार्रवाई, 3 जगहों पर अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर

■ 29 कच्ची-पक्की गलियां और 18 प्लॉटों की नींव उखाड़ी गई

■ अवैध कॉलोनी काटने वालों पर अब पुलिस केस और गिरफ्तारी की तैयारी


हरियाणा के पानीपत में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। शनिवार को नगर निगम की डीटीपी ब्रांच की टीम ने शहर में तीन अलग-अलग जगहों पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कई निर्माण ध्वस्त कर दिए।

कार्रवाई के दौरान टीम ने 29 कच्ची और पक्की गलियों को तोड़ा, जबकि 18 प्लॉटों में बनाई जा रही नींव को भी उखाड़ दिया। इस कार्रवाई के बाद कॉलोनाइजरों और प्रॉपर्टी डीलरों में हड़कंप मच गया।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि संबंधित अवैध कॉलोनियों को विकसित करने वालों को हरियाणा नगर निगम अधिनियम 1994 के तहत तीन बार नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद निर्माण कार्य और प्लॉट बेचने का काम नहीं रोका गया।

अधिकारियों के अनुसार, कई जगहों पर कच्ची सड़कों को पक्का बनाने का काम भी जारी था। नोटिस में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि निर्माण कार्य तुरंत बंद कर जमीन को दोबारा कृषि योग्य बनाया जाए। ऐसा नहीं करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी, लेकिन आदेशों की अनदेखी जारी रही।

इसके बाद नगर निगम ने बुलडोजर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि अब अवैध कॉलोनी काटने वाले मालिकों और डीलरों पर धारा 350-सी के तहत पुलिस केस भी दर्ज किए जाएंगे। साथ ही कानूनी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।

कार्रवाई को शांतिपूर्ण तरीके से पूरा कराने के लिए जिलाधीश पानीपत द्वारा ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। मौके पर जिला नगर योजनाकार जितेंद्र, रिंकू, राजेश सहित भारी पुलिस बल भी मौजूद रहा।

नगर निगम टीम ने पावर हाउस के पास कुटानी रोड के नजदीक काटी जा रही अवैध कॉलोनी में 15 सड़कें और 8 प्लॉटों की नींव उखाड़ी। वहीं जगदीश कॉलोनी के सामने वर्मा चौक के पास 6 गलियां और 3 नींव तोड़ी गईं।

इसके अलावा कुटानी रोड पर पवन नामक व्यक्ति द्वारा विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में भी कार्रवाई करते हुए कई निर्माण ध्वस्त किए गए।

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।