पानीपत में कट्टे में मिला नवजात, CCTV से मां तक पहुंची पुलिस
पानीपत में प्लास्टिक के कट्टे में बंद नवजात मिलने के मामले में पुलिस ने उसकी मां को हिरासत में लिया है। बच्चा अस्पताल में भर्ती है और मामले की जांच जारी है।
- पानीपत में नवजात को प्लास्टिक के कट्टे में बंद कर सड़क किनारे फेंका गया
- सीसीटीवी और जांच के आधार पर पुलिस ने बच्चे की मां को हिरासत में लिया
- महिला का दावा- रिश्तेदार गर्भवती कर छोड़ गया, लोकलाज के डर से खुद डिलीवरी कर नवजात को छोड़ दिया
हरियाणा के पानीपत में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। सोमवार सुबह एक नवजात शिशु प्लास्टिक के कट्टे में बंद हालत में सड़क किनारे मिला। स्थानीय लोगों की सतर्कता से समय रहते नवजात को बाहर निकाल लिया गया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल बच्चा डॉक्टरों की निगरानी में है।
जानकारी के अनुसार शिव नगर की गली नंबर-5 में रहने वाली सुधा जिंदल सुबह घर के बाहर सफाई कर रही थीं। इसी दौरान उनकी नजर गली में पड़े एक प्लास्टिक के कट्टे पर पड़ी। कट्टे के अंदर हलचल होती देख उन्हें शक हुआ। उन्होंने बेटे अक्षय जिंदल को बुलाया और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
लोगों ने सावधानी से कट्टा खोला तो उसके अंदर एक नवजात शिशु मिला। बच्चे की हालत देखकर सभी हैरान रह गए। प्रारंभिक स्थिति से लग रहा था कि उसका जन्म करीब दो से तीन घंटे पहले ही हुआ था और उसकी गर्भनाल भी नहीं काटी गई थी।
स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी और नवजात को पहले सनौली रोड स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। बाद में बाल कल्याण समिति (CWC) और पुलिस की मौजूदगी में उसे सिविल अस्पताल की स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे 20 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर जांच टीम एक लेबर कॉलोनी के कमरे तक पहुंची, जहां से बच्चे को जन्म देने वाली महिला को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में महिला ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार की रहने वाली है। उसके पति की करीब पांच वर्ष पहले मौत हो चुकी है और उसकी चार बेटियां हैं। महिला का कहना है कि करीब डेढ़ साल पहले एक रिश्तेदार उसे पानीपत लेकर आया था। बाद में दोनों के बीच संबंध बने और वह गर्भवती हो गई। गर्भावस्था की जानकारी देने पर वह उसे छोड़कर चला गया।
महिला ने पुलिस को बताया कि रविवार रात उसने खुद ही बच्चे को जन्म दिया। लोकलाज के डर से सोमवार सुबह करीब 5 बजे नवजात को प्लास्टिक के कट्टे में रखकर कूड़े के ढेर के पास छोड़ दिया।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं नवजात की स्वास्थ्य स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
pooja