रणबीर की रामायण पर भड़के कृष्ण,नीतीश बोले- युवाओं को गुमराह कर रही मसाला फिल्म
नीतीश भारद्वाज ने रणबीर कपूर की रामायण को मसाला फिल्म बताते हुए तथ्यों पर सवाल उठाए। अरुण गोविल के राजा दशरथ अभिनय की जमकर तारीफ की।
नीतीश भारद्वाज ने रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' को बताया युवाओं को गुमराह करने वाली मसाला फिल्म
➤ रामायण के लेखक, रावण के वंश और वैदिक ज्ञान को लेकर फिल्म के तथ्यों पर उठाए सवाल
➤ अरुण गोविल के अभिनय की तारीफ करते हुए बोले- उन्होंने राजा दशरथ के किरदार से फिल्म की इज्जत बचा ली
रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। फिल्म को दर्शकों और फिल्मी हस्तियों से मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। अब बीआर चोपड़ा के मशहूर टीवी सीरियल 'महाभारत' में भगवान कृष्ण का किरदार निभाने वाले अभिनेता नीतीश भारद्वाज ने फिल्म की कहानी और उसमें दिखाए गए तथ्यों पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर फिल्म के कई पहलुओं पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि फिल्म में रामायण से जुड़े कुछ तथ्यों को सही तरीके से प्रस्तुत नहीं किया गया है। इतना ही नहीं, उन्होंने इसे नई पीढ़ी को गुमराह करने वाली मसाला फिल्म बताते हुए युवाओं को महाकाव्य पर आधारित प्रमाणिक किताबें पढ़ने की सलाह दी है।
नीतीश भारद्वाज ने अपनी पोस्ट में रामायण के लेखक, रावण के वंश, उसकी वैदिक शिक्षा और उसके चरित्र को लेकर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने फिल्म में दिखाई गई कुछ बातों को लेकर असहमति जताई और कहा कि रामायण जैसे महाकाव्य के पात्रों और उनके मूल स्वरूप को मनमाने तरीके से प्रस्तुत नहीं किया जाना चाहिए। हालांकि, फिल्म में राजा दशरथ का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल की उन्होंने जमकर तारीफ की। नीतीश के मुताबिक, अरुण गोविल ने अपने अभिनय से फिल्म की इज्जत बचा ली।
रामायण के लेखक को लेकर फिल्म पर जताई नाराजगी
नीतीश भारद्वाज ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में फिल्म के उस कथन पर सवाल उठाया, जिसमें बताया गया है कि रामायण का कोई एक लेखक नहीं है। उन्होंने इस बात को सही नहीं माना। उनका कहना है कि उनके विचार से महर्षि वाल्मीकि रामायण के लेखक हैं, जबकि समय और भूगोल के आधार पर इसके अलग-अलग संस्करण तैयार किए गए हैं।
नीतीश भारद्वाज ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'फिल्म में बताया गया कि रामायण का कोई भी एक लेखक नहीं है। मगर यह बात सही नहीं है। मेरे विचार से वाल्मिकी इस काव्य के लेखक हैं। रामायण के दूसरे वर्जन क्रिएट किये गये हैं। भूगोल के आधार पर अलग-अलग तरीकों से इसे अन्य लेखकों मे दर्शाया है।’
उनकी इस टिप्पणी से साफ है कि वह फिल्म में रामायण की रचना और उसके अलग-अलग संस्करणों को जिस तरह प्रस्तुत किया गया है, उससे सहमत नहीं हैं। उनका मानना है कि मूल रामायण के लेखक और बाद में तैयार हुए दूसरे संस्करणों के बीच अंतर को स्पष्ट रूप से समझना जरूरी है।
रावण को लेकर भी फिल्म के चित्रण पर उठाए सवाल
नीतीश भारद्वाज ने फिल्म में रावण के चरित्र और उसके साम्राज्य को दिखाने के तरीके पर भी आपत्ति जताई। फिल्म में रावण को तीनों लोकों में असुर साम्राज्य की स्थापना करने वाले के रूप में दिखाया गया है। नीतीश का मानना है कि रावण को केवल इस रूप में प्रस्तुत करना उसके वास्तविक सांस्कृतिक संदर्भ को समझने के लिए पर्याप्त नहीं है।
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘रावण को फिल्म में तीनों लोकों में असुर सम्राज्य की स्थापना करने वाला दिखाया गया। मगर रावण राक्षक संस्कृति का प्रतिनिधित्व करता है। यह संस्कृति भौतिक चीजों और साइंस में अच्छी हो सकती है मगर रहेगी वैदिक संस्कृति के विपरीत ही।’
नीतीश ने रावण के परिवार और उसकी पृष्ठभूमि को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने रावण की मां कैकसी के पिता राक्षस सुमाली और ऋषि विश्रवा के साथ उनके विवाह का उल्लेख किया। उनके अनुसार, रावण को अपने पिता से वैदिक ज्ञान मिला था, लेकिन उसने उस ज्ञान का सही उपयोग नहीं किया।
रावण के वैदिक ज्ञान और अश्वमेघ घोड़े पर भी जताई आपत्ति
नीतीश भारद्वाज ने अपनी पोस्ट में रावण की शिक्षा और उसके ज्ञान के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने लिखा, ‘रावण की मां कैकसी के पिता राक्षस सुमाली थे। उन्होंने शादी ऋषि विश्रवा से की थी। रावण को उसके पिता से वैदिक ज्ञान मिला था। मगर मेरे विचारों के हिसाब से उसने शिव तांडव के अलावा उस ज्ञान का कभी उपयोग नहीं किया। फिर अश्वमेघ घोड़े का उपयोग करना उचित नहीं था।’
उनकी इस टिप्पणी में रावण के व्यक्तित्व के साथ-साथ उसके वैदिक ज्ञान और धार्मिक परंपराओं से जुड़े प्रसंगों को लेकर असहमति दिखाई देती है। नीतीश का जोर इस बात पर है कि रामायण के पात्रों को प्रस्तुत करते समय उनके मूल चरित्र और उनसे जुड़े संदर्भों को ध्यान में रखा जाना चाहिए।
अरुण गोविल के अभिनय की तारीफ, बोले- उन्होंने फिल्म की इज्जत बचा ली
फिल्म की कमियों को लेकर खुलकर नाराजगी जाहिर करने वाले नीतीश भारद्वाज ने अभिनेता अरुण गोविल की तारीफ भी की। फिल्म में अरुण गोविल ने राजा दशरथ का किरदार निभाया है। नीतीश को उनका अभिनय पसंद आया और उन्होंने कहा कि अरुण ने अपने किरदार के साथ पूरा न्याय किया है।
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, 'अरुण ने अपने किरदार राजा दशरथ के साथ पूरा न्याय किया। उनके चेहरे पर किरदार का दुख साफ नजर आ रहा था। अरुण गोविल ने फिल्म की इज्जत बचा ली।’
नीतीश की इस प्रतिक्रिया में जहां एक ओर फिल्म के प्रस्तुतीकरण को लेकर उनकी नाराजगी नजर आई, वहीं दूसरी ओर अरुण गोविल के अभिनय के प्रति उनका सम्मान भी साफ दिखाई दिया। उन्होंने खास तौर पर राजा दशरथ के किरदार में चेहरे के भावों और दुख की अभिव्यक्ति की सराहना की।
पहले भी फिल्म को लेकर नाराजगी जता चुके हैं नीतीश भारद्वाज
यह पहली बार नहीं है जब नीतीश भारद्वाज ने सोशल मीडिया के जरिए फिल्म 'रामायण' पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। इससे पहले भी वह फिल्म के कथानक और पात्रों के चित्रण को लेकर सवाल उठा चुके हैं।
बीते दिनों इंस्टाग्राम पर साझा की गई अपनी पोस्ट में उन्होंने रामायण के महत्व को बताते हुए लिखा था, 'रामायण भारत के डीएनए में बसी है। रामायण सिर्फ एक कहानी नहीं है। यह सनातन भारत की सभ्यता और आध्यात्मिक चेतना में गहराई से रची-बसी है। इसके नायक, नायिका और खलनायक इस महाकाव्य के मूल्यों और संदेश का अहम हिस्सा हैं। उनके चरित्र और महत्व को यूं ही मनमाने ढंग से नहीं बदला जा सकता।'
नीतीश भारद्वाज का कहना है कि रामायण केवल मनोरंजन का विषय नहीं है, बल्कि भारतीय सभ्यता और आध्यात्मिक चेतना से जुड़ा महाकाव्य है। ऐसे में इसके प्रमुख पात्रों और उनके महत्व को प्रस्तुत करते समय सावधानी बरतनी चाहिए।
फिल्म 'रामायण' को लेकर नीतीश भारद्वाज की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब फिल्म को लेकर मनोरंजन जगत में लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इससे पहले सुनील लहरी, मुकेश खन्ना समेत अन्य कलाकार भी फिल्म के कुछ पहलुओं पर अपनी राय रख चुके हैं। अब नीतीश भारद्वाज की आलोचना ने फिल्म के चित्रण और रामायण के मूल स्वरूप को लेकर बहस को फिर से चर्चा में ला दिया है।
Akhil Mahajan