पुलिस-बदमाश के बीच मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली

फरीदाबाद के ऊंचा गांव में क्राइम ब्रांच और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हुआ। पुलिस ने हथियार और चोरी की बाइक बरामद की।

पुलिस-बदमाश के बीच मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली

➤ ऊंचा गांव में क्राइम ब्रांच की टीम ने चोरी की बाइक पर जा रहे विमल को रोकने का प्रयास किया

➤ आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर दो राउंड फायर किए, जवाबी कार्रवाई में दाहिने पैर में लगी गोली

➤ आरोपी पर चोरी के करीब 20 मामले दर्ज, 4 से 5 वारदातों में पुलिस को थी तलाश


फरीदाबाद। जिले के ऊंचा गांव में बीती रात क्राइम ब्रांच और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। चोरी की बाइक पर जा रहे एक युवक को पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिसकर्मियों पर ही फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस टीम ने मौके पर ही उसे काबू कर लिया। घायल आरोपी की पहचान विमल निवासी सुभाष कॉलोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, दो खाली खोल और चोरी की बाइक बरामद की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल फरीदाबाद में भर्ती कराया गया है।

घायल बदमाश को बीके अस्पताल में इलाज के लिए एडमिट कराया गया है।

पुलिस टीम को देखकर की फायरिंग

पुलिस प्रवक्ता यशपाल के मुताबिक, बीती रात ऊंचा गांव क्राइम ब्रांच की टीम थाना सेक्टर-58 क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों की नजर चोरी की बाइक पर जा रहे विमल पर पड़ी। टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी ने पुलिस पर दो राउंड फायर कर दिए।

अचानक हुई फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिसकर्मियों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और दो खाली खोल बरामद हुए। जिस बाइक पर वह सवार था, वह भी चोरी की निकली।

घायल बदमाश को लेकर जाती पुलिस टीम।

चोरी की 20 वारदातों में दर्ज है रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार, आरोपी विमल का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ चोरी के करीब 20 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा वह थाना सेक्टर-58 क्षेत्र में हुई चोरी की 4 से 5 वारदातों में भी वांछित था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है, ताकि चोरी की अन्य घटनाओं और उसके साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

अस्पताल में चल रहा इलाज

मुठभेड़ में घायल आरोपी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल फरीदाबाद (बीके अस्पताल) में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक उसकी हालत सामान्य है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और बरामद हथियार तथा चोरी की बाइक के संबंध में भी जांच की जा रही है।