पानीपत के हिस्ट्रीशीटर की MP में बेरहमी से हत्या, आंखें फोड़ीं, गोली मारी, जंगल में फेंका शव

पानीपत के हिस्ट्रीशीटर विवेक की मध्य प्रदेश में बेरहमी से हत्या, आंखें फोड़ी गईं और गोली मारकर जंगल में फेंका शव, पुलिस जांच में जुटी।

पानीपत के हिस्ट्रीशीटर की MP में बेरहमी से हत्या, आंखें फोड़ीं, गोली मारी, जंगल में फेंका शव
  • पानीपत के हिस्ट्रीशीटर विवेक की निर्मम हत्या
  • दोनों आंखें फोड़ी, कमर से नीचे गोली मारकर जंगल में फेंकी लाश
  • मध्य प्रदेश के सीहोर जिले से अर्धनग्न शव बरामद


हरियाणा के पानीपत निवासी हिस्ट्रीशीटर विवेक उर्फ अविनाश शर्मा की बेहद निर्ममता से हत्या कर दी गई। उसकी दोनों आंखें फोड़ी गईं और कमर से नीचे गोली मारी गई। हत्या के बाद शव को अर्धनग्न हालत में जंगलों में पत्थरों के बीच फेंक दिया गया।

विवेक का शव मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बहोटा घाट के जंगलों से बरामद हुआ है। शव पर सिर और मुंह सहित शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जिससे साफ है कि हत्या से पहले उसके साथ बेरहमी की गई।

हिस्ट्रीशीटर का शव सोमवार सुबह सीहोर जिले के शाहगंज स्थित बहोटा घाट के जंगल में अर्ध नग्न अवस्था में मिला।

पुलिस के अनुसार विवेक करीब ढाई साल पहले पानीपत से मध्य प्रदेश चला गया था। वह नर्मदापुरम में कपड़ों की दुकान चलाता था, लेकिन कुछ समय पहले उसने दुकान बंद कर दी थी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे ने बताया कि विवेक शुक्रवार को अपने छह दोस्तों के साथ रायसेन जिले के सतलापुर थाना क्षेत्र में आया था। यहां खेत पर बने एक मकान में पार्टी की गई। इसके बाद वह लापता हो गया।

विवेक की दोनों आंखें फूटी हुई थीं, उसका शव पत्थरों के बीच पड़ा मिला।

शनिवार शाम को विवेक के दोस्तों ने सतलापुर थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने रातापानी अभयारण्य और शाहगंज सहित आसपास के जंगलों में तलाशी अभियान चलाया। सोमवार सुबह शव संदिग्ध अवस्था में जंगल से बरामद हुआ।

जानकारी के अनुसार विवेक शुक्रवार रात मंडीदीप से कार द्वारा होशंगाबाद के लिए निकला था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। परिजनों द्वारा संपर्क करने पर उसका मोबाइल बंद मिला। शनिवार शाम मोबाइल चालू हुआ तो बताया गया कि फोन रातापानी के ढाबे के पास मिला।

पुलिस ने मामले में मृतक के साथ आए दोस्तों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।