किसी और का शव थमा दिया परिजनों को, अंतिम दर्शन पर खुला राज तो कटा बवाल

पानीपत के सिविल अस्पताल में अजीबोगरीब घटना, गेस्ट टीचर और युवक के शव आपस में बदल गए। अंतिम दर्शन में सच सामने आया तो अस्पताल में हंगामा मच गया।

किसी और का शव थमा दिया परिजनों को, अंतिम दर्शन पर खुला राज तो कटा बवाल

➤ पानीपत सिविल अस्पताल में अजीबोगरीब घटना
➤ गेस्ट टीचर और युवक की लाशें आपस में बदलीं
➤ अंतिम दर्शन के दौरान खुला राज, अस्पताल में हंगामा


हरियाणा के पानीपत के सिविल अस्पताल में रविवार को ऐसी घटना सामने आई जिसने सभी को हैरान कर दिया। दो अलग-अलग हादसों में मारे गए युवक और गेस्ट टीचर के शव आपस में बदल गए। महावटी गांव का परिवार जिस शव को अपने बेटे अंकुश (25) का मानकर घर ले गया, अंतिम दर्शन के समय कपड़ा हटाते ही उनकी आंखें फटी की फटी रह गईं। शव किसी और का था।

घबराए परिजन शव लेकर तुरंत अस्पताल लौटे। वहां गेस्ट टीचर अमरजीत सिंह (42) के परिजन भी मौजूद थे। आखिरकार पहचान के बाद शवों की अदला-बदली की गई। इस घटना से अस्पताल में भारी हंगामा हुआ और तनाव का माहौल बन गया। करीब दो माह पहले पलवल में भी दो कारोबारियों के शव बदल गए थे। अंतिम दर्शन के वक्त जब कपड़ा हटाया गया तो ग़लती पकड़ में आई थी

कैसे हुई मौतें?

  • अंकुश: शनिवार रात बाइक पर लौटते समय उसकी टक्कर अचानक आए सांड से हो गई। हादसे में गंभीर चोटों के कारण उसने दम तोड़ दिया।

  • अमरजीत सिंह: रविवार सुबह इसराना फ्लाईओवर पर ट्रक की टक्कर से गेस्ट टीचर की मौके पर मौत हो गई।

ऐसे बदले शव?

अस्पताल के कर्मचारियों ने परिजनों को शव की पहचान कराई, लेकिन अंकुश के चेहरे पर चोट होने के कारण परिवार सही से पहचान नहीं कर पाया। उन्होंने गलती से अमरजीत के शव को ही अंकुश मान लिया। इसी आधार पर गलत शव का पोस्टमॉर्टम कर दिया गया और परिवार उसे लेकर चला गया। दोपहर में घर पर अंतिम दर्शन के दौरान सच सामने आया। शव बदलने की खबर से अस्पताल में अफरातफरी मच गई।

सिविल अस्पताल के SMO डॉ. संजीव गुप्ता ने कहा—
“अस्पताल स्तर पर कोई गलती नहीं हुई। परिजनों ने ही गलत पहचान की थी। बाद में दोनों परिवारों ने स्वीकार कर शवों को बदलकर ले लिया।”