पानीपत में बुजुर्ग से 1 करोड़ 10 लाख की साइबर ठगी
पानीपत में फेसबुक दोस्ती के बाद फर्जी ‘मानो-मानो’ इन्वेस्टमेंट ऐप के जरिए 70 वर्षीय बुजुर्ग से 1 करोड़ 10 लाख से ज्यादा की साइबर ठगी का मामला सामने आया है।
➤ पानीपत में 70 वर्षीय बुजुर्ग से 1 करोड़ 10 लाख से ज्यादा की साइबर ठगी
➤ फेसबुक दोस्ती के बाद फर्जी इन्वेस्टमेंट ऐप इंस्टॉल कर फंसाया
➤ ‘मानो-मानो’ ऐप के जरिए मुनाफे का झांसा देकर रकम हड़पी
हरियाणा के पानीपत में साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग को निशाना बनाते हुए 1 करोड़ 10 लाख 88 हजार 194 रुपए की बड़ी ठगी को अंजाम दिया है। ठगों ने फेसबुक पर दोस्ती कर पहले भरोसा जीता और फिर भारी मुनाफे का लालच देकर एक फर्जी इन्वेस्टमेंट ऐप इंस्टॉल करवा लिया। इसके बाद अलग-अलग किस्तों में बुजुर्ग के बैंक खाते से पूरी जमा-पूंजी साफ कर दी गई।
पीड़ित वीरेंद्र कुमार बत्रा (70), निवासी न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी (NHBC), पानीपत ने साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी पहचान फेसबुक पर विधा पाण्डेय नाम की महिला प्रोफाइल से हुई थी। बातचीत धीरे-धीरे फेसबुक से व्हाट्सऐप तक पहुंच गई, जहां निवेश को लेकर बातें शुरू हुईं।
आरोपी महिला और उसके साथियों ने बुजुर्ग को निवेश पर मोटा मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाया और ‘मानो-मानो’ प्लेटफॉर्म ऐप इंस्टॉल करवा दिया। शुरुआत में विश्वास कायम करने के बाद आरोपियों ने 14 नवंबर 2025 से 8 जनवरी 2026 के बीच अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 1 करोड़ 10 लाख 88 हजार 194 रुपए ट्रांसफर करवा लिए।
जब बुजुर्ग को ठगी का एहसास हुआ, तो उन्होंने साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर साइबर थाना पानीपत ने आरोपी विधा पाण्डेय व अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मुकदमा नंबर 8 दर्ज किया है। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर दीपक कुमार को सौंपी गई है।
साइबर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनजान लोगों के कहने पर किसी भी इन्वेस्टमेंट ऐप को इंस्टॉल न करें और भारी मुनाफे के लालच में आकर पैसे ट्रांसफर करने से बचें।
Akhil Mahajan