पानीपत में भैंसे को शराब पिलाने पर FIR
हरियाणा के पानीपत जिले के गांव नौल्था में होली के दौरान भैंसे को जबरन शराब पिलाने का वीडियो वायरल होने के बाद PETA इंडिया की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
➤ गांव नौल्था में होली के दौरान भैंसे को जबरन शराब पिलाने का वीडियो वायरल
➤ PETA इंडिया की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज
➤ वीडियो में भैंसे के साथ मारपीट और क्रूरता के भी आरोप
पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले में होली के जश्न के दौरान बेजुबान पशु के साथ क्रूरता का एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां इसराना क्षेत्र के गांव नौल्था में कुछ लोगों ने एक भैंसे को जबरन शराब पिला दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पशु अधिकार संगठन PETA इंडिया ने मामले में कड़ा संज्ञान लिया। संस्था की शिकायत के आधार पर इसराना थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गांव नौल्था निवासी कार्तिक खोखर के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की गई है। शिकायत PETA इंडिया की क्रूरता प्रतिक्रिया समन्वयक ईशानी राठी की ओर से दी गई थी। शिकायत में मांग की गई है कि पीड़ित भैंसे को तत्काल मालिकों से जब्त कर उचित चिकित्सा उपचार दिया जाए।
वायरल वीडियो से खुला मामला
बताया गया है कि इस घटना की जानकारी PETA इंडिया को ईमेल और फोन कॉल के जरिए मिली थी। शिकायत के अनुसार 25 मार्च 2024 को ‘कार्तिक खोखर’ नामक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट किया गया था, जिसमें एक भैंसे के साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा था। संस्था ने वीडियो को डिजिटल साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर पुलिस को सौंप दिया।
वीडियो में दिखी क्रूरता
वायरल वीडियो में होली का जश्न मनाती भीड़ दिखाई दे रही है, जिसमें ट्रैक्टर और बैलगाड़ियों की परेड निकल रही है। इसी दौरान एक भैंसा बुग्गी पर सवार कुछ लोग बेहद क्रूर हरकत करते दिखाई देते हैं।
वीडियो में साफ नजर आता है कि दो व्यक्ति भैंसे का मुंह पकड़ते हैं और तीसरा व्यक्ति उसके मुंह में शराब की बोतल डालकर शराब उड़ेल देता है। इस दौरान पशु डरा और सहमा हुआ नजर आता है।
शराब पशुओं के लिए ‘धीमा जहर’
PETA इंडिया के अनुसार किसी भी पशु को शराब पिलाना उसके लिए जहर देने जैसा है। संस्था ने अपनी शिकायत में बताया कि शराब पशुओं के लिए विषैली होती है और इससे उल्टी, दस्त, सांस लेने में दिक्कत, संतुलन बिगड़ना, दौरे पड़ना और अंगों के काम करना बंद हो जाने जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं।
भैंसे को दी गई शारीरिक यातना
वीडियो के विश्लेषण में यह भी सामने आया कि भैंसे की नाक में रस्सी बेहद कसकर बांधी गई थी, जिससे उसे दर्द हो रहा था। गाड़ी पर बैठा व्यक्ति एक लंबी छड़ी लेकर पशु को मारता हुआ भी दिखाई दे रहा है। इसके अलावा भैंसे के शरीर पर रासायनिक रंग लगाए गए थे, जिससे त्वचा में जलन और संक्रमण का खतरा बताया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान भी की जा रही है।
Akhil Mahajan