चालान से बचने के लिए चालक ने ट्रैफिक SHO को 200 मीटर तक घसीटा

पंचकूला के गुरु रविदास चौक पर ट्रैफिक चालान के दौरान थ्री-व्हीलर चालक ने वाहन दौड़ाकर ट्रैफिक SHO को करीब 200 मीटर तक घसीटा। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

चालान से बचने के लिए चालक ने ट्रैफिक SHO को 200 मीटर तक घसीटा

➤ चालान की कार्रवाई के दौरान थ्री-व्हीलर चालक ने वाहन दौड़ाया
➤ ट्रैफिक SHO करीब 200 मीटर तक वाहन के साथ घिसटते रहे
➤ DCP ट्रैफिक की मौजूदगी में हुई घटना, आरोपी पुलिस की गिरफ्त में


पंचकूला के सेक्टर-9 और सेक्टर-10 स्थित गुरु रविदास चौक पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले एक थ्री-व्हीलर चालक ने चालान से बचने के लिए हैरान करने वाली हरकत कर दी। आरोप है कि चालक ने अचानक वाहन दौड़ा दिया, जिससे ट्रैफिक SHO विरेंद्र सिंह करीब 200 मीटर तक वाहन के साथ घिसटते चले गए। घटना उस समय हुई जब ट्रैफिक पुलिस गलत पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चला रही थी।

जानकारी के अनुसार DCP ट्रैफिक अमरिंद्र सिंह स्वयं मौके पर मौजूद रहकर अभियान की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने सड़क किनारे गलत तरीके से थ्री-व्हीलर खड़ा कर सब्जियां बेच रहे चालक को रोका। SHO विरेंद्र सिंह ने वाहन के दस्तावेज मांगे और चालान की प्रक्रिया शुरू की।

पुलिस के द्वारा पकड़ा गया थ्रीव्हीलर।

शिकायत के अनुसार, चालान की कार्रवाई के बीच ही चालक ने अचानक थ्री-व्हीलर तेज गति से दौड़ा दिया। SHO विरेंद्र सिंह वाहन को रोकने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह वाहन के साथ लटक गए और चालक उन्हें करीब 200 मीटर तक पेट्रोल पंप के पास तक घसीटता ले गया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान SHO को कोई गंभीर चोट नहीं आई।

घटना के तुरंत बाद ट्रैफिक पुलिस की सरकारी गाड़ी ने थ्री-व्हीलर का पीछा किया और कुछ दूरी पर चालक को पकड़ लिया। आरोपी की पहचान आसिफ के रूप में हुई है। इसके बाद उसे पुलिस हिरासत में ले लिया गया।

SHO विरेंद्र सिंह ने पूरे मामले की शिकायत सेक्टर-5 थाना पुलिस को दी है। पुलिस आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, लापरवाही से जान जोखिम में डालने तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी हुई है। पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।