नीरज चोपड़ा संग फोटो दिखाकर ₹3.50 करोड़ की ठगी, नगर निगम का JE गिरफ्तार
पंचकूला में नीरज चोपड़ा के साथ फोटो दिखाकर स्पोर्ट्स कंपनी से 3.50 करोड़ रुपये की कथित ठगी के मामले में जेई गिरफ्तार हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
➤ ओलिंपियन नीरज चोपड़ा के साथ फोटो दिखाकर कंपनी का जीता भरोसा
➤ ₹3.50 करोड़ की ठगी मामले में मास्टरमाइंड का JE भाई गिरफ्तार
➤ पत्नी SI, भाई और अन्य परिजनों के खातों में ट्रांसफर हुई रकम की जांच
हरियाणा के पंचकूला में करोड़ों रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम के जेई रोहित सैनी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दिल्ली की एक स्पोर्ट्स कंपनी से 3.50 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में गिरफ्तार रोहित, इस पूरे मामले के कथित मास्टरमाइंड मोहित सैनी का भाई है। क्राइम ब्रांच ने उसे आठ दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मोहित सैनी ने खुद को हरियाणा खेल विभाग का ऑब्जर्वर और सरकारी अधिकारी बताकर दिल्ली की शिव नरेश स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर शिव प्रकाश सिंह से संपर्क किया। भरोसा जीतने के लिए उसने ओलिंपियन नीरज चोपड़ा के साथ अपनी तस्वीरें भी दिखाईं और दावा किया कि वह खेल विभाग और वित्तीय मामलों से जुड़ा है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, वर्ष 2023 में गोवा नेशनल गेम्स के लिए हरियाणा ओलिंपिक एसोसिएशन को खेल सामग्री की आपूर्ति के बाद भुगतान अटक गया था। इसी का फायदा उठाते हुए आरोपी ने भुगतान जारी कराने के नाम पर पहले 50 लाख रुपये लिए और बाद में अलग-अलग बहानों से कुल 3.50 करोड़ रुपये ठग लिए।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती पूछताछ में रोहित सैनी ने स्वीकार किया कि उसके खाते में करीब 4 लाख रुपये आए थे, जबकि बाकी रकम कथित तौर पर मोहित सैनी के पास गई। जांच में यह भी सामने आया है कि ठगी की रकम पत्नी, भाई, दोस्तों और अन्य परिचितों के बैंक खातों में भी ट्रांसफर की गई।
मामले की जांच कर रही क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 अब उन सभी बैंक खातों की जांच कर रही है, जिनमें रकम भेजी गई थी। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी मोहित सैनी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी की पत्नी हरियाणा पुलिस में सब-इंस्पेक्टर है, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी सरकारी सेवा और स्थानीय राजनीति से जुड़े रहे हैं। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी पहलुओं की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan