पंचकूला में खाई में गिरी कंपनी कर्मचारियों की इनोवा, युवती की मौत

पंचकूला के नौल्टा गांव के पास कर्मचारियों से भरी इनोवा खाई में गिर गई। हादसे में एक युवती की मौत हो गई जबकि ड्राइवर सहित 7 महिलाएं घायल हुईं।

पंचकूला में खाई में गिरी कंपनी कर्मचारियों की इनोवा, युवती की मौत

पंचकूला में खाई में गिरी कंपनी कर्मचारियों की इनोवा, युवती की मौत

ड्राइवर समेत 7 महिलाएं घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज

20 फीट नीचे गिरने के बाद बांस के पेड़ों में अटकी गाड़ी, टला बड़ा हादसा

हरियाणा के पंचकूला जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कंपनी कर्मचारियों को लेकर जा रही एक इनोवा कार खाई में गिर गई, जिससे एक युवती की मौत हो गई, जबकि ड्राइवर सहित 7 महिलाएं घायल हो गईं। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश के परवाणु क्षेत्र स्थित एक साबुन निर्माण कंपनी में पंचकूला के विभिन्न गांवों से महिलाएं नौकरी करने जाती हैं। कर्मचारियों को लाने-ले जाने के लिए कंपनी की ओर से इनोवा वाहन लगाया गया था।

मंगलवार सुबह महिलाएं रोजाना की तरह ड्यूटी के लिए निकली थीं। जब वाहन पिंजौर के नौल्टा गांव के पास पहुंचा तो मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद गाड़ी सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन करीब 20 फीट नीचे गिरने के बाद बांस के पेड़ों में अटक गया। इससे बड़ा हादसा टल गया। यदि वाहन और नीचे चला जाता तो जानमाल का नुकसान और अधिक हो सकता था।

हादसे में मांधना ठठर गांव निवासी ऊषा की मौत हो गई। वहीं घायल होने वालों में ममता, सुनीता, सुषमा, पार्वती, भावना, एक अन्य सुनीता और चालक अहमद शामिल हैं। सभी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

परिजनों के अनुसार ऊषा अपनी बहन के घर केदारपुर में रह रही थी। करीब एक माह पहले ही उसने कंपनी में नौकरी शुरू की थी। नौकरी की सुविधा के चलते वह अपनी बहन की ससुराल में रहकर काम पर जा रही थी।

ऊषा के जीजा धर्मबीर ने बताया कि वह वाहन की पिछली सीट पर बैठी हुई थी। हादसे के दौरान पीछे की सीटें टूटकर आगे की ओर खिसक गईं, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी। इसी चोट के कारण उसकी जान चली गई।

हादसे में घायल सुषमा ने बताया कि वाहन में आसपास के 3-4 गांवों की महिलाएं सवार थीं। नौल्टा के पास मोड़ पर चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाया और गाड़ी सीधे खाई में उतर गई।

उन्होंने बताया कि बांस के पेड़ों के कारण सभी की जान बच गई। यदि वाहन सीधे नीचे चला जाता तो शायद कोई भी जीवित नहीं बचता। हादसे के दौरान वाहन के अंदर की कई सीटें टूट गईं और यात्री एक-दूसरे के ऊपर गिर गए।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और घायलों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।