पंचकूला में भारी बारिश से हाहाकार, पुल बहा और नाले में बहे दो युवक; घग्गर-सुखना उफान पर
पंचकूला में भारी बारिश से पुल बहा, नाले में दो युवक बहे, एक रेस्क्यू और दूसरे की तलाश जारी, घग्गर-सुखना उफान पर, किसान भी बचाया गया
➤ नाडा साहिब के पास पुलिस ट्रेनिंग कैंप का लोहे का पुल बहा, अलीपुर-खटोली पुल भी टूटा
➤ राजीव कॉलोनी के बरसाती नाले में दो युवक बहे, एक रेस्क्यू, राजेश कुमार की तलाश जारी
➤ घग्गर-सुखना उफान पर, श्यामटू नदी में फंसे किसान को रस्सी के सहारे निकाला
हरियाणा के पंचकूला और इससे लगते इलाकों में मंगलवार दोपहर से हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। लगातार बरसात के बाद घग्गर समेत नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। नाडा साहिब गुरुद्वारा के पास घग्गर में पानी बढ़ने के कारण पुलिस ट्रेनिंग कैंप का लोहे का पुल बह गया। वहीं श्यामटू की नदी में पानी अचानक बढ़ने से एक किसान बीच में फंस गया, जिसे लोगों ने रस्सी के सहारे सुरक्षित बाहर निकाला। पंचकूला के सेक्टर-17 की राजीव कॉलोनी के पास बरसाती नाले में तेज बहाव के कारण दो युवक बह गए। मौके पर पहुंची NDRF टीम ने इनमें से एक युवक को बचा लिया, जबकि दूसरे युवक की तलाश जारी रही। रात साढ़े 9 बजे तक राजीव कॉलोनी निवासी राजेश कुमार का पता नहीं चल पाया था।
भारी बारिश के कारण पंचकूला के कई हिस्सों में हालात बिगड़ते नजर आए। नदी-नालों में अचानक बढ़े पानी ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी। राजीव कॉलोनी में बरसाती नाले का पानी घुसने से रोकने के लिए स्थानीय लोगों को मिट्टी के बैग लगाने पड़े। प्रशासन और रेस्क्यू टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों में जुटी रहीं और लोगों से नदी-नालों तथा जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की गई।
बरसाती नाले में दो युवक बहे, एक को बचाया गया
पंचकूला के सेक्टर-17 की राजीव कॉलोनी में भारी बारिश के बीच बरसाती नाले का पानी बढ़ गया। तेज बहाव में दो युवक बह गए। इनमें से एक युवक की पहचान राजीव कॉलोनी निवासी राजेश कुमार के रूप में हुई। सूचना मिलने के बाद रेस्क्यू टीमों और प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू की। रात साढ़े 9 बजे तक राजेश कुमार का पता नहीं चल पाया था।
इसी बरसाती नाले में बहने वाले दूसरे युवक को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। लगातार बारिश और नाले में तेज बहाव को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।
नाडा साहिब के पास पुलिस ट्रेनिंग कैंप का पुल बहा
घग्गर नदी में पानी बढ़ने का असर नाडा साहिब के पास भी दिखाई दिया। बढ़ते जलस्तर के कारण पुलिस ट्रेनिंग कैंप का लोहे का पुल बह गया। बारिश के बाद नदी में पानी का बहाव बढ़ने से पुल को नुकसान पहुंचा और लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई।
पंचकूला में अलीपुर से खटोली को जोड़ने वाला पुल भी भारी बरसात के बाद क्षतिग्रस्त होकर टूट गया। किसी तरह के हादसे को रोकने के लिए पुलिस ने पुल की ओर जाने वाली सड़क पर दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया। पुलिस ने दोनों तरफ से ट्रैफिक बंद करवा दिया। यहां से लोग केवल पैदल ही निकल रहे हैं।
श्यामटू नदी में फंसा किसान, रस्सी के सहारे निकाला
पंचकूला में भारी बारिश के दौरान श्यामटू की नदी का पानी अचानक बढ़ गया। इसी दौरान एक किसान नदी के बीच में फंस गया। पानी का बहाव तेज होने के कारण वह बाहर नहीं निकल पा रहा था। लोगों ने रस्सी के सहारे उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
बारिश के कारण नदी-नालों में पानी बढ़ने से आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और लोगों को ऐसे स्थानों से दूर रहने की अपील की जा रही है।
सुखना नदी में भी उफान, निचले इलाकों में बढ़ी चिंता
पिंजौर-नालागढ़ हाईवे पर सुखना नदी में पानी अचानक बढ़ गया। नदी में उफान आने के बाद निचले इलाकों में रहने वाले लोग घबराए हुए हैं। पिंजौर-नालागढ़ रोड पर फ्लाईओवर के नीचे भी सुखना नदी में पानी का तेज बहाव देखने को मिला।
पंचकूला में अलीपुर-खटोली पुल टूटने के बाद पुलिस ने दोनों तरफ से रास्ता बंद कर दिया। बारिश के कारण कई स्थानों पर आवागमन प्रभावित हुआ है।
चंडीगढ़ और मोहाली में भी बारिश से बिगड़े हालात
भारी बारिश का असर सिर्फ पंचकूला तक सीमित नहीं रहा। चंडीगढ़ और मोहाली में भी मंगलवार दोपहर बाद तेज बारिश के चलते कई इलाकों और सड़कों पर पानी भर गया।
चंडीगढ़ के सेक्टर-28B में बारिश के कारण सड़क धंस गई। वहीं सेक्टर-22 की मोबाइल मार्केट में दुकानों के अंदर पानी घुस गया। इससे दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मोहाली के नया गांव में भी पानी भरने से दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी हुई। यहां कई जगह करीब डेढ़ फुट तक पानी भर गया। जीरकपुर और मोहाली में भी बारिश के बाद कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी रही।
19 और 20 अगस्त को बारिश कम, 21 से फिर सक्रिय होगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, 19 और 20 अगस्त को हरियाणा में बारिश कम होगी। इसके बाद 21 अगस्त से मानसून के एक बार फिर रफ्तार पकड़ने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, 21 अगस्त को पूरे हरियाणा में बारिश होने की संभावना है। उत्तरी, दक्षिणी और मध्य हरियाणा के ज्यादातर जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर सहित कई जिलों में तेज वर्षा की संभावना जताई गई है।
पंजाब से गुजर रही टर्फ रेखा, हरियाणा के ऊपर बनेगा सरकुलेशन
कृषि मौसम विज्ञान विभाग, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार मानसून टर्फ की अक्षय रेखा की उत्तरी सीमा अमृतसर, लुधियाना, मुरादाबाद, लखनऊ, वाराणसी, उत्तर ओड़िशा से होती हुई उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है।
डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, साथ ही एक साइक्लोनिक सरकुलेशन उत्तरी हरियाणा के ऊपर बनने जा रहा है, जिससे मानसूनी हवाओं की सक्रियता बढ़ेगी। 17 अगस्त की रात्रि से 20 अगस्त के दौरान विशेषकर उत्तरी जिलों में हवाओं व गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा पश्चिमी व दक्षिणी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है।
हिसार सबसे गर्म, भिवानी की रातें ठंडी
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा का औसतन अधिकतम तापमान सामान्य के करीब दर्ज किया गया है। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान हिसार में 37.5°C दर्ज किया गया। इसके अलावा फरीदाबाद में 36.7°C, नूंह व पलवल में 36.2°C, भिवानी में 36.0°C, नारनौल में 35.5°C और रोहतक में 35.4°C तापमान दर्ज हुआ।
वहीं प्रदेश में औसतन न्यूनतम तापमान में 0.6°C की गिरावट आई है, जो सामान्य के आसपास है। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान भिवानी में 24.0°C दर्ज किया गया। करनाल में 24.2°C और नारनौल में 24.5°C न्यूनतम तापमान रहा।
इसके विपरीत सबसे गर्म रात नूंह में 28.3°C, गुरुग्राम में 28.0°C और रोहतक में 27.8°C दर्ज की गई। बारिश के बीच जहां पंचकूला और आसपास के इलाकों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं, वहीं आने वाले दिनों में मानसून की दोबारा सक्रियता के चलते प्रशासन और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
Akhil Mahajan