फरीदाबाद में चाइनीज मांझे पर बड़ी कार्रवाई,10 बंडल जब्त, 2 दुकानदार गिरफ्तार

फरीदाबाद में पुलिस और सीएम फ्लाइंग ने छापेमारी कर चाइनीज मांझे के 10 बंडल जब्त किए और 2 दुकानदारों को गिरफ्तार किया

फरीदाबाद में चाइनीज मांझे पर बड़ी कार्रवाई,10 बंडल जब्त, 2 दुकानदार गिरफ्तार

फरीदाबाद में चाइनीज मांझे के 10 बड़े बंडल जब्त
पुलिस और सीएम फ्लाइंग ने छापेमारी कर 2 दुकानदारों को गिरफ्तार किया
युवक का गला कटने के बाद प्रशासन ने प्रतिबंधित मांझे पर बढ़ाई सख्ती

फरीदाबाद में चाइनीज मांझे से रविवार को एक युवक का गला कटने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। स्थानीय पुलिस और सीएम फ्लाइंग की टीम ने पर्वतीय चौकी क्षेत्र में छापेमारी कर प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के कुल 10 बड़े बंडल बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने इसे बेचने वाले 2 दुकानदारों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों दुकानदार प्रतिबंधित मांझे को चोरी-छिपे बेचने का काम कर रहे थे।

पुलिस और सीएम फ्लाइंग की टीम को सूचना मिली थी कि भड़ाना चौक और केडी पब्लिक स्कूल के पास प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री की जा रही है। सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और दुकानों की जांच शुरू की। जांच के दौरान नगला रोड स्थित केडी पब्लिक स्कूल के पास योगेश की दुकान की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान दुकान में एक पेटी के अंदर रखे चाइनीज मांझे के चार बड़े बंडल बरामद किए गए। टीम ने मांझे को कब्जे में ले लिया और दुकान संचालक से पूछताछ की।

अंकित की दुकान से भी मिले चाइनीज मांझे के छह बंडल

इसके बाद टीम ने भड़ाना चौक निवासी अंकित की दुकान की भी जांच की। यहां से चाइनीज मांझे के छह बड़े बंडल बरामद किए गए। दोनों दुकानों से बरामद मांझे की कुल संख्या 10 बड़े बंडल रही।

बरामद किए गए मांझे के बंडलों पर “For Industrial Use Only” लिखा हुआ था। इसके बावजूद आरोप है कि दुकानदार इस प्रतिबंधित मांझे को आम लोगों को बेचने की तैयारी में थे। कार्रवाई के दौरान टीम ने दोनों दुकानदारों को गिरफ्तार कर लिया।

युवक का गला कटने के बाद बढ़ी सख्ती

चाइनीज मांझे को आम पतंग की डोर की तुलना में बेहद खतरनाक माना जाता है। इससे राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और पक्षियों के घायल होने का खतरा बना रहता है। फरीदाबाद में हाल ही में बीते रविवार को एक युवक इसी मांझे की चपेट में आ गया था और उसकी गर्दन कट गई थी

युवक का अभी भी एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री को लेकर प्रशासन और पुलिस की सख्ती बढ़ गई है। इसी क्रम में पुलिस और सीएम फ्लाइंग की टीम ने पर्वतीय चौकी क्षेत्र में दुकानों पर छापेमारी की।

दोनों दुकानदारों के खिलाफ केस दर्ज

सीएम फ्लाइंग की टीम ने दोनों दुकानदारों के पास से बरामद चाइनीज मांझे को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए सारन थाना पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद सारन थाना पुलिस ने दोनों दुकानदारों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पर्वतीय पुलिस चौकी इंचार्ज महेश कुमार ने कहा कि प्रतिबंधित मांझे की बिक्री या इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और इस्तेमाल करने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी।