घर में चल रही थी शादी की तैयारी और अचानक ड्यूटी के दौरान 26 साल के हैडकांस्टेबल की मौ*त
nuh-on-duty-constable-ankit-death-bichhor-police-station
➤ बिछोर थाने में कमरे के बाहर बेसुध मिले 26 वर्षीय कांस्टेबल अंकित
➤ तीन साल पहले लगी थी सरकारी नौकरी, फरवरी 2027 में तय थी शादी
➤ पिता की मौत के बाद परिवार का इकलौता कमाने वाला था अंकित, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
हरियाणा के नूंह जिले के बिछोर थाने में 26 वर्षीय कांस्टेबल अंकित कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार सुबह वह थाने में ड्यूटी पर थे। कुछ समय बाद उनका शव कमरे के बाहर फर्श पर बेसुध हालत में पड़ा मिला। साथियों ने उन्हें तुरंत मांडीखेड़ा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिवार के लोग रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। परिवार के मुताबिक, अंकित की करीब तीन साल पहले ही हरियाणा पुलिस में सरकारी नौकरी लगी थी। उनका रिश्ता भी तय हो चुका था और फरवरी 2027 में शादी होनी थी। घर में शादी की शॉपिंग और अन्य तैयारियां चल रही थीं। पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी और अंकित परिवार के इकलौते कमाने वाले थे। मंगलवार शाम उनके पैतृक गांव गुढ़ा में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
मृतक की पहचान मूल रूप से झज्जर जिले के गुढ़ा गांव निवासी कांस्टेबल अंकित कुमार के रूप में हुई है। उनकी तैनाती नूंह जिले के बिछोर थाने में थी। जानकारी के अनुसार, अंकित हर रोज की तरह अपनी ड्यूटी पर थाने में मौजूद थे। मंगलवार सुबह वह शौचालय जाने के लिए कमरे से बाहर आए। इसके बाद काफी देर तक वापस कमरे में नहीं लौटे।
काफी देर तक कमरे में नहीं लौटे तो साथियों ने तलाशा
जब अंकित काफी देर तक कमरे में नहीं लौटे तो उनके साथी पुलिसकर्मियों को चिंता हुई। वे बाहर आए तो अंकित को फर्श पर अचेत हालत में पड़ा देखा। उनका शरीर ठंडा पड़ चुका था। साथियों ने तुरंत इसकी जानकारी थाना प्रभारी को दी। इसके बाद अंकित को बेसुध हालत में मांडीखेड़ा अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद अंकित को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने घटना की सूचना उनके परिजनों को दी। कुछ ही देर में उनके मामा और अन्य परिजन रोते-बिलखते मांडीखेड़ा अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को पूरी घटना के बारे में जानकारी दी। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और अंतिम संस्कार के लिए परिवार को सौंप दिया गया। प्राथमिक तौर पर मौत की वजह हृदय गति रुकना यानी हार्ट अटैक मानी जा रही है।
नाना बोले- रात 8 बजे हुई थी बात, तब सब ठीक था
मांडीखेड़ा अस्पताल पहुंचे शेरपुर हरियाणा निवासी अंकित के नाना ने बताया कि चापरी रेलवे स्टेशन के पास उनका घर है। अंकित उनका दोहता यानी बेटी का पुत्र था और वह काफी समय से उनके पास ही रह रहा था।
नाना ने बताया कि सोमवार शाम ही अंकित बिछोर थाने आया था और ऑन-ड्यूटी था। उन्होंने बताया कि सोमवार रात करीब 8:00 बजे फोन पर अंकित से उनकी बात हुई थी। उस समय सब कुछ ठीक-ठाक था। इसके बाद रात में क्या हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। सुबह अंकित की मौत की खबर मिली तो वे गांव से सीधे अस्पताल पहुंचे।
नाना के मुताबिक, उन्हें हादसे के सटीक समय की पक्की जानकारी नहीं है, लेकिन घटना थाने के अंदर ही हुई है।
तीन साल पहले लगी थी पुलिस में नौकरी
परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, अंकित करीब तीन साल पहले हरियाणा पुलिस में भर्ती हुए थे। उनके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। उनकी मां अपने दूसरे बेटे के साथ झज्जर के गुढ़ा गांव में रह रही हैं। अंकित गुरुग्राम जिले के शेरपुर हरियाणा में अपने नाना के पास रह रहे थे।
अंकित का कुछ ही दिन पहले बिछोर थाने में तबादला हुआ था। परिवार में उनकी नौकरी के साथ-साथ शादी को लेकर भी खुशी का माहौल था। आने वाली फरवरी 2027 में उनकी शादी तय हो चुकी थी। घर में शादी की खरीदारी और दूसरी तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच मंगलवार को उनकी मौत की सूचना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
पिता की मौत के बाद अंकित परिवार के इकलौते कमाने वाले थे। परिवार को उनसे काफी उम्मीदें थीं और शादी को लेकर भी घर में तैयारियां चल रही थीं। ऐसे में अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
SHO बोले- प्रारंभिक वजह हार्ट अटैक, रिपोर्ट के बाद स्थिति साफ होगी
बिछोर थाना प्रभारी (SHO) इंस्पेक्टर सुखबीर यादव ने बताया कि कांस्टेबल अंकित कुमार की मौत की प्रारंभिक वजह हार्ट अटैक ही लग रही है। हालांकि, मौत के सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
इंस्पेक्टर सुखबीर यादव ने कहा कि पुलिस विभाग ने अपने एक होनहार साथी को खो दिया है। उन्होंने बताया कि अंकित कुमार का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव गुढ़ा में पुलिस टीम की मौजूदगी में किया गया।
फिलहाल मौत के सटीक कारण को लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कांस्टेबल अंकित कुमार की मौत की वास्तविक वजह क्या थी।
Akhil Mahajan