KBC में हरियाणा की शर्मिला धनखड़: संघर्ष की कहानी सुन अमिताभ बच्चन हुए भावुक

हरियाणा की कॉमनवेल्थ गोल्ड मेडलिस्ट शर्मिला धनखड़ KBC में पहुंचीं। संघर्ष की कहानी सुन अमिताभ बच्चन भावुक हुए और खिलाड़ियों ने साढ़े 12 लाख जीते।

KBC में हरियाणा की शर्मिला धनखड़: संघर्ष की कहानी सुन अमिताभ बच्चन हुए भावुक

➤ KBC की हॉट सीट पर पहुंचीं कॉमनवेल्थ गोल्ड मेडलिस्ट शर्मिला धनखड़

➤ शर्मिला की संघर्ष की कहानी सुन अमिताभ बच्चन और लवलीना बोरगोहेन भावुक हुए

➤ खिलाड़ियों ने 12.5 लाख रुपये जीते, 13वें सवाल पर टाइम ओवर से गेम हुआ खत्म


हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले की कॉमनवेल्थ गोल्ड मेडलिस्ट शर्मिला धनखड़ ने कौन बनेगा करोड़पति (KBC) की हॉट सीट पर पहुंचकर अपने संघर्ष और खेल के सफर की कहानी सुनाई। उनके साथ बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन, पैरा पावर लिफ्टर झंडू कुमार और जूडो प्लेयर अस्मिता डे ने भी शो में हिस्सा लिया। चारों खिलाड़ियों ने मिलकर 12.5 लाख रुपये जीते। शो के होस्ट अमिताभ बच्चन ने जब खिलाड़ियों की जिंदगी और उनके संघर्ष की कहानियां सुनीं तो कई भावुक पल सामने आए। खास तौर पर थॉटपुट थ्रोअर शर्मिला धनखड़ की कहानी सुनकर बिग बी भावुक हो गए। उन्होंने शर्मिला की बड़ी बेटी से भी बात की। वहीं, शर्मिला की कहानी सुनकर बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन की आंखों में भी आंसू आ गए। दर्शकों ने तालियां बजाकर शर्मिला का हौसला बढ़ाया।

इस एपिसोड की शूटिंग 11 अगस्त को मुंबई में हुई थी और इसका प्रसारण सोमवार रात किया गया। शो में खिलाड़ियों ने एक के बाद एक सवालों के जवाब दिए। शर्मिला ने एक सवाल का जवाब बिना लाइफलाइन लिए दिया और अपने उत्तर पर कायम रहीं। खिलाड़ियों ने 11 सवालों के जवाब दिए और 13वें सवाल पर पहुंचते ही टाइम ओवर का हूटर बज गया।

शर्मिला की कहानी सुनकर भावुक हुए अमिताभ बच्चन

शो में शर्मिला धनखड़ की कहानी सुनकर अमिताभ बच्चन भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि लोगों को केवल खेल के मैदान पर खिलाड़ी की मेहनत दिखाई देती है, लेकिन उस सफलता के पीछे की कहानी और संघर्ष का पता नहीं होता।

इसके बाद अमिताभ बच्चन ने शर्मिला की बड़ी बेटी अनुज से भी बात की। अनुज ने बताया कि मां के मेडल की वजह से वह आज इस शो में पहुंच पाई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अब तक वे अमिताभ बच्चन को टीवी पर ही देखते थे।

शर्मिला की कहानी ने शो के माहौल को भावुक कर दिया। लवलीना बोरगोहेन भी उनकी कहानी सुनकर भावुक हो गईं। सेट पर मौजूद दर्शकों ने तालियां बजाकर शर्मिला का हौसला बढ़ाया।

बिना लाइफलाइन शर्मिला ने दिया सटीक जवाब

शो की शुरुआत में छह सवालों तक बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन और झंडू कुमार ने सवालों के जवाब दिए। इसके बाद सातवें सवाल से शर्मिला धनखड़ और अस्मिता डे हॉट सीट पर आ गईं।

सवाल किया गया कि सभी 10 महिला टी-20 वर्ड कप खेलने वाली खिलाड़ी कौन हैं। शर्मिला ने तुरंत सही जवाब देते हुए हरमनप्रीत कौर का नाम लिया। अमिताभ बच्चन ने उन्हें एक लाइफलाइन लेने का सुझाव भी दिया, लेकिन शर्मिला ने इससे इनकार कर दिया और अपने जवाब पर डटी रहीं।

जब उनका जवाब सही निकला और उनसे पूछा गया कि उन्हें इसका उत्तर कैसे पता था, तो शर्मिला ने कहा कि वह महिलाओं का क्रिकेट मैच देखती हैं। उनके इस आत्मविश्वास और सही जवाब पर शो में मौजूद लोगों ने उनका उत्साह बढ़ाया।

चारों खिलाड़ियों ने सुनाई संघर्ष की कहानी

2 साल की उम्र में पोलियो, पहले पति ने पीटा

हरियाणा के महेंद्रगढ़ की शर्मिला धनखड़ ने बताया कि जब वह 2 साल की थीं, तब उन्हें पोलियो हो गया था। उनकी पहली शादी कम उम्र में ही हो गई थी। इसके बाद उनकी दो बेटियां हुईं। शर्मिला ने बताया कि उनके पति शराब के नशे में उनकी पिटाई करते थे। इसी वजह से यह रिश्ता नहीं चल सका।

शर्मिला के सामने दूसरी शादी के ऑफर भी आए, लेकिन बेटियों को स्वीकार करने के लिए कोई तैयार नहीं था। इसके बाद अजीत ने उनका हाथ थामा और उनकी बेटियों को भी स्वीकार किया। शर्मिला ने बताया कि इसके बाद उन्हें 30 साल की उम्र के बाद गेम्स में लेकर आए, और इसी वजह से वह आज इस मुकाम तक पहुंच सकीं।

लोगों ने परिवार को झंडू कहा, वीडियो देखकर पावर लिफ्टिंग चुनी

बिहार के नालंदा निवासी झंडू कुमार ने भी अपने संघर्ष की कहानी बताई। उन्होंने बताया कि उन्हें भी पोलियो हुआ था। इलाज के दौरान उनके माता-पिता ने अपनी सारी संपत्ति गंवा दी।

झंडू कुमार ने बताया कि इसके बाद लोग उनके परिवार को कहते थे कि लड़के ने इनको झंडू कर दिया। दिव्यांग सर्टिफिकेट बनवाने के लिए जब वह गए तो वहां डॉक्टर ने उनका नाम पूछा। दोस्त और उनके मुंह से झंडू कुमार नाम निकल गया और इसके बाद उनका नाम झंडू कुमार ही हो गया।

उन्होंने बताया कि सलमान की दबंग फिल्म देखने के बाद वह बॉडी बनाने के लिए जिम गए थे। बाद में किसी ने उन्हें पावर लिफ्टिंग का वीडियो दिखाया। इसके बाद उन्होंने पावर लिफ्टिंग को अपनाया और यहीं से उनकी जिंदगी बदल गई।

अखबार में मोहम्मद अली की फोटो देखकर प्रेरित हुईं लवलीना

बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन ने बताया कि उनके पिता टी गॉर्डन में जॉब करते थे। वह रविवार को घर आते थे तो मिठाई लेकर आते थे। एक बार वह अखबार में लपेटकर जलेबी लेकर आए। उस अखबार पर बॉक्सर मोहम्मद अली की फोटो छपी थी।

लवलीना ने बताया कि जब उन्होंने पिता से मोहम्मद अली की कहानी सुनी तो वह काफी इंस्पायर हुईं। उन्होंने पहले मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग ली और इसके बाद धीरे-धीरे बॉक्सिंग शुरू कर दी।

कॉमनवेल्थ ट्रायल से कुछ दिन पहले पिता की मौत

त्रिपुरा की जूडो प्लेयर अस्मिता डे ने बताया कि उनके पिता उन्हें 10 किलोमीटर दूर प्रैक्टिस के लिए लेकर जाते थे। वह साइकिल रिपेयर का काम करते थे। उनकी मां कई बार पड़ोसियों से चावल मांगकर खाना बनाती थीं।

अस्मिता ने बताया कि उनका घर मिट्‌टी का था और बारिश के दौरान घर के ढहने का डर बना रहता था। उन्होंने घर बनाने का सपना देखा और इसी वजह से जूडो में गईं। वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश पुलिस में नौकरी मिली, जिसके बाद उनकी स्थिति में कुछ बदलाव आया।

अस्मिता ने बताया कि कॉमनवेल्थ ट्रायल से कुछ दिन पहले ही उनके पिता की मौत हो गई। जब मेडल आया तो उसे देखने के लिए उनके पिता नहीं थे। उनकी यह कहानी भी शो में मौजूद लोगों को भावुक कर गई।

खिलाड़ियों ने इन सवालों के जवाब देकर जीते 12.5 लाख रुपये

शो में खिलाड़ियों से अलग-अलग रकम के लिए कई सवाल पूछे गए। खिलाड़ियों ने इन सवालों के जवाब देकर साढ़े 12 लाख रुपये जीते।

5 हजार रुपए का सवाल: इनमें से किसका स्वाद आमतौर पर मीठा होता है?
जवाब: ठेकुआ।

10 हजार रुपए का सवाल: ट्यूबलाइट, दबंग जैसी फिल्मों में किस अभिनेता ने काम किया है?
जवाब: सलमान खान।

15 हजार रुपए का सवाल: पानी की बोतल की क्षमता किस इकाई से मापी जाती है?
जवाब: लीटर।

20 हजार रुपए का सवाल: पूर्वोत्तर भारत में कामाख्या के नजदीक सराय घाट पर दो पुल बने हुए हैं?
जवाब: ब्रह्मपुत्र।

25 हजार रुपए का सवाल: उस शहर के बारे में कौन सा कथन सही है, जहां छत्रपति शिवाजी महाराज हवाई अड्‌डा स्थित है?
जवाब: समुद्र के पास स्थित है।

सवाल: मीरा बाई चानू किस खेल में ओलिंपिक मेडलिस्ट हैं?
जवाब: वेटलिफ्टिंग।

50 हजार रुपए का सवाल: कौन सा शहर राजस्थान में है?
जवाब: जोधपुर।

1 लाख रुपए का सवाल: इनमें से कौन सा कथन चित्र में दिखाई गई सभी 4 भाषाओं में सही है?
जवाब: सभी दक्षिण भारतीय भाषाएं हैं।

2 लाख रुपए का सवाल: यदि हिंदी में गुरु और अंग्रेजी में टीचर हैं तो जापानी में वही शब्द क्या होगा?
सही उत्तर: सेन्सेई।

3 लाख रुपए का सवाल: किसी खेल और उससे जुड़ी संस्कृति की इनमें से कौन सी जोड़ी गलत है?
जवाब: सैम्बो मलेशियाई।

5 लाख रुपए का सवाल: इन चित्रों का उल्लेख उस राज्य के नाम में है, जिसकी राजधानी शिलोंग है।
सही उत्तर: मेघालय। इस सवाल में ऑडियंस पोल का प्रयोग किया गया।

सुपर संदूक खेल में 90 सेकेंड में 10 सवाल

शो में सुपर संदूक खेल राउंड भी हुआ। इसमें 90 सेकेंड में 10 सवाल पूछे गए। खिलाड़ियों ने 7 सवालों के सही जवाब दिए और फिफ्टी-फिफ्टी लाइफ मिली।

किस स्थान पर व्यायाम की मशीन होती है?
जवाब: जिम।

किस शब्द का अर्थ उम्मीद है?
जवाब: आशा।

किस उपकरण से बाण मारा जाता है?
जवाब: धनुष।

कौन सा जानवर बड़ी बिल्ली है?
जवाब: बाघ।

भारतीय स्वतंत्रता दिवस किस महीने में मनाया जाता है?
जवाब: अगस्त।

कौन सा खेल बड़े मैदान पर खेला जाता है?
जवाब: फुटबाल।

किस फिल्म में अक्षय खन्ना ने रहमान डकैत की भूमिका निभाई?
जवाब: नहीं दिया।

इनमें से क्या तेलंगाना के लिए वाहन पंजीकरण कोड है?
जवाब: TG।

किस रियासत पर निजाम का शासन था?
जवाब: नहीं दिया।

इनमें से कौन सा शहर उत्तर प्रदेश में नहीं है?
जवाब: नहीं दे पाई।

7.5 लाख और 12.5 लाख के सवालों तक पहुंचा खेल

इसके बाद खिलाड़ियों के सामने 7.5 लाख रुपए के लिए सवाल आया कि ICC महिला टी-20 विश्व कप के सभी 10 संस्करणों में एकमात्र भारतीय कौन हैं। इसका जवाब हरमनप्रीत कौर दिया गया।

इसके बाद 12.5 लाख रुपए के लिए सवाल पूछा गया कि 1887 में महात्मा गांधी से किस विश्वविद्यालय से दसवीं कक्षा पास की थी। इसका जवाब बॉम्बे विश्वविद्यालय दिया गया।

इसके बाद एलिस्टेयर मैककॉ के इन दोनों पुस्तक शीर्षकों को कौन सा शब्द पूरा करेगा, यह सवाल पूछा गया। इसका जवाब चैंपियन दिया गया।

इसके बाद टाइम ओवर का हूटर बज गया और गेम ओवर हो गया। इस तरह खिलाड़ियों ने शो में अपने संघर्ष, मेहनत और खेल के सफर की कहानी सुनाने के साथ साढ़े 12 लाख रुपए जीते।