पंचकूला में पुलिस-बदमाश मुठभेड़,दो आरोपी घायल,हथियार लेने आए थे बदमाश
पंचकूला में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में दो आरोपी घायल हुए। करनाल में फायरिंग की साजिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया।
➤ पंचकूला में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़
➤ क्रॉस फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में लगी गोली
➤ करनाल में फायरिंग की साजिश, हथियार लेने आए थे आरोपी
पंचकूला में पुलिस और बदमाशों के बीच गुरुवार को जोरदार मुठभेड़ हो गई। सेक्टर-23 स्थित निफ्ट संस्थान के पास हुई इस कार्रवाई में पुलिस की ANC टीम और बदमाशों के बीच फायरिंग हुई, जिसमें दो आरोपियों के पैर में गोली लगी। घायल बदमाशों को तुरंत सेक्टर-6 के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों बदमाश पंचकूला में हथियारों की सप्लाई लेने के लिए पहुंचे थे। पुलिस को उनकी गतिविधियों की भनक लग गई थी और टीम ने घेराबंदी कर ली। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। दोनों ओर से करीब 6 राउंड फायरिंग हुई।
मुठभेड़ में घायल बदमाशों की पहचान राहुल और मुकेश के रूप में हुई है, जो कैथल के रहने वाले हैं। दोनों के खिलाफ पहले से ही आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं और इनका आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी नौनी राणा गैंग से जुड़े हुए हैं। वे पंचकूला में हथियार लेने के बाद किसी ठिकाने पर रुकने वाले थे और इसके बाद करनाल के नीलकंठ ढाबा पर फायरिंग की वारदात को अंजाम देने की योजना थी। बताया जा रहा है कि ढाबा संचालक से पहले फिरौती मांगी गई थी, लेकिन रकम न मिलने पर बदमाश हमले की तैयारी में थे।
ACP क्राइम अरविंद कंबोज के अनुसार, दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर आए थे और हथियार लेने के दौरान पुलिस से उनकी मुठभेड़ हो गई। क्रॉस फायरिंग में दोनों के पैर में गोली लगी है। उनके कब्जे से एक-एक पिस्टल बरामद की गई है।
इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
Akhil Mahajan